-शनिवार को म्यांमार के प्रेसीडेंट ने किया ताज का दीदार

-3 घंटे तक बंद में ताज में सैलानियाें का प्रवेश

आगरा: शनिवार को म्यांमार के प्रेसीडेंट यू विन मिंट ने पत्‍‌नी डो चो चो संग ताजमहल का दीदार किया। रॉयल गेस्ट के आगमन को लेकर 11 बजे से लेकर 2 बजे तक तीन घंटे ताजमहल में सैलानियों का प्रवेश बंद रहा। भ्रमण के दौरान उन्होंने ताज के इतिहास, कला के नमूनो ंकी विस्तृत जानकारी हासिल की। रॉयल गेस्ट ने डायना बेंच पर बैठकर फोटोशूट कराया।

12 बजे ताजमहल पहुंचे म्यांमार के प्रेसीडेंट

चार दिवसीय दौरे पर भारत आए म्यांमार के प्रेसीडेंट यू विन मिंट, पत्नी डो चो चो के साथ शनिवार को दोपहर 12 बजे आगरा पहुंचे। यहां खेरिया एयरपोर्ट पर राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने रॉयल गेस्ट का स्वागत किया। लोक कलाकारों ने म्यांमार के प्रेसीडेंट के समक्ष बृज की लोक कला मयूर नृत्य का प्रदर्शन किया। कमिश्नर अनिल कुमार, एडीजी अजय आनंद, आईजी ए सतीश गणेश, डीएम प्रभु एन। सिंह, एसएसपी बबलू कुमार, ताजमहल के संरक्षण सहायक अंकित कुमार ने ताजमहल पर रॉयल गेस्ट का स्वागत किया। मिंट दंपती एयरपोर्ट से वीवीआईपी रूट से होटल अमर विलास पहुंचे।

लंच के बाद देखा ताज

होटल अमर विलास में प्रेसीडेंट ने लंच किया इसके बाद इसके बाद दोपहर एक बजे सरकारी अमला उन्हें गोल्फ कार्ट से ताजमहल लेकर गया। रॉयल गेट से जैसे ही मिंट दंपती की भव्य इमारत पर नजर पड़ी वैसे ही उनके मुंह से 'वाह ताज' निकल पड़ा। गाइड से उन्होंने ताज के इतिहास, शिल्प, पच्चीकारी आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। करीब 55 मिनट तक रॉयल फैमिली ने ताज का भ्रमण किया। कई जगह पत्नी संग फोटो खिंचवाई। मिंट दंपती ने डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाई। ताज विजिट के दौरान म्यांमार के राष्ट्रपति और फ‌र्स्ट लेडी बेहद खुश नजर आए। इसके बाद वे कलाकृति के लिए प्रस्थान कर गए। 20 मिनट यहां भ्रमण करने के बाद वे एयरफोर्स स्टेशन के लिए रवाना हो गए। करीब सवा तीन बजे वे एयरपोर्ट से स्पेशल फ्लाइट से वापस चले गए।

बंद रही टूरिस्ट की एंट्री

म्यांमार के प्रेसीडेंट के आगमन के चलते ताजमहल की टिकट विंडो सुबह 11 बजे ही पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई थी। इसके बाद 12 बजे तक पर्यटकों से ताज परिसर खाली करा लिया गया। राष्ट्रपति की विजिट के दौरान ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद रहा। दोपहर 2 बजे उनकी रवानगी के बाद ही पर्यटकों का प्रवेश ताज में शुरू किया गया।

ताज की तारीफ में कसीदे

ताज के दीदार के बाद उन्होंने विजिटर बुक में लिखा कि, 'ताजमहल की यात्रा हमारे लिए बहुत खुशी देने वाली रही। यह दुनिया के सात अजूबों में से एक है और साथ ही यूनेस्को द्वारा घोषित विश्व धरोहर स्थल भी है। ताजमहल की अनूठी और प्रभावशाली वास्तुकला हमारी यादों में हमेशा के लिए रहेगी। हम सभी का विश्व धरोहर और उत्कृष्ट कृति को देखने का अनुभव अदभुत रहा। यह वास्तव में सम्राट की दुनिया को मोहब्बत की सबसे बड़ी देन को दर्शाता है.'

एक माह में दो प्रेसीडेंट

फरवरी माह में दो देशों के प्रेसीडेंट ने फ‌र्स्ट लेडी के साथ ताज का दीदार किया है। 24 फरवरी को विश्व के प्रभावशाली देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्‍‌नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कशनर के साथ ताज का दीदार किया था। उनके आगमन से एक सप्ताह पूर्व खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक के क्षेत्र को चाक चौबंद सुरक्षा के साथ स्वच्छ और सुंदर भी बन दिया गया था। वहीं शनिवार को माह के अंतिम दिन म्यांमार के प्रेसीडेंट ने पत्‍‌नी के साथ ताज का दीदार किया।

Posted By: Inextlive