- एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर, वापस लौट गया संप्रेक्षण गृह का स्टाफ

- इलाज के अभाव में तड़प रहा किशोर, ट्वीट पर शासन ने लिया संज्ञान

आगरा: राजकीय संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध एक और किशोर की तबीयत खराब हो गई। गंभीर हालत में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, यहां इलाज शुरू होने से पहले ही संप्रेक्षण गृह का स्टाफ गायब हो गया, जिससे किशोर का इलाज शुरू नहीं हो सका। वहीं, दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के ट्वीट के बाद शासन ने संज्ञान लिया और महिला कल्याण विभाग के निदेशक मनोज कुमार राय ने किशोर की बीमारी के संबंध में जिला प्रोबेशन विभाग को सख्त निर्देश दिए।

बीमार हो गया किशोर

मलपुरा स्थित आगरा के संप्रेक्षण गृह में एक और किशोर की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उसे तीन फरवरी को एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। यहां से डॉक्टर्स ने किशोर को मेडिसिन वार्ड शिफ्ट कर दिया। रविवार को एडमिट किशोर की तबीयत बिगड़ी तो वहीं तफ्तीश के बाद मालूम चला कि किशोर का इलाज प्रॉपर्ली नहीं हो पा रहा है। एडमिट किशोर ने भी शिकायत की है कि उसे बीमारी से राहत नहीं है। सीने में तेज दर्द है।

इस तरह हो रही लापरवाही

अभी तक न तो उसका वाउचर तैयार हो सका है। इतना ही नहीं, अभी तक उसकी बीमारी को डायग्नोसिस भी नहीं किया जा सका है। वाउचर तैयार न होने से प्रॉपर ट्रीटमेंट भी शुरू नहीं हो सका है। वहीं, जब इस बारे में संप्रेक्षण गृह के प्रभारी रवि खान से जानकारी की गई तो उन्होंने वाउचर जैसी किसी व्यवस्था की जानकारी होने से इनकार कर दिया।

टीबी से हो चुकी है एक मौत

30 जनवरी की रात में संप्रेक्षण गृह के एक किशोर की मौत हो चुकी है। एटा के किशोर को टीबी की बीमारी थी। कई बार संप्रेक्षण गृह में डॉक्टरों का कैंप लगाया गया। हेल्थ कार्ड होने के बाद भी उसकी बीमारी को डायग्नोसिस नहीं किया जा सका था। इसके चलते खून की उल्टियां शुरू हो गईं। इसके बाद उसकी मौत हो गई। इसमें महिला बाल कल्याण विभाग के निदेशक मनोज राय ने प्राथमिक जांच में सहा। अधीक्षक को लापरवाही और गलत जानकारी देने के आरोप में तत्काल प्रभाव से संस्पेंड कर दिया था।

ट्वीट के बाद लिया संज्ञान

प्रकरण पर दैनिक जागरण आईनेक्स्ट के ट्वीट के बाद शासन ने संज्ञान लिया। महिला कल्याण निदेशालय के निदेशक मनोज कुमार राय तत्काल प्रोबेशन विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा और किशोर की इलाज संबंधी समस्या का निस्तारण कराया।

आगरा में एक अन्य किशोर की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली है। जिसके बाद प्रोबेशन विभाग के अधिकारियों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजकर तत्काल रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

- मनोज कुमार राय, निदेशक, महिला कल्याण एवं बाल विकास

Posted By: Inextlive