-डीएम प्रभु एन सिंह ने जारी किया आदेश, 1 सितंबर से खुल सकेंगे स्मारक

-कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए 17 मार्च को एएसआइ ने किए थे बंद

-डीएम ने बफर जोन से बाहर किया, शनिवार व रविवार को बंद रहेंगे स्मारक

आगरा: ताजनगरी में ताजमहल और आगरा किला को छोड़कर अन्य स्मारक एक सितंबर से खुल जाएंगे। गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा ताज और किला को छोड़कर अन्य स्मारकों को बफर जोन से बाहर कर दिया गया। पर्यटकों को कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार स्मारक में भ्रमण के दौरान शारीरिक दूरी के पालन के साथ मास्क लगाना अनिवार्य होगा। वहीं, उप्र सरकार की साप्ताहिक बंदी के चलते शनिवार व रविवार को स्मारक बंद रहेंगे।

डीएम ने ट्वीट कर दी जानकारी

कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए एहतियातन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने 17 मार्च से देशभर के सभी स्मारक बंद कर दिए थे। छह जुलाई को देशभर में इन्हें खोल दिया गया, लेकिन आगरा में जिला प्रशासन ने स्मारकों को बफर जोन में मानते हुए उन्हें खोलने की अनुमति नहीं दी थी। यहां पांच माह से अधिक समय से पर्यटन कारोबार पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। गुरुवार दोपहर डीएम प्रभु एन सिंह ने ट्वीट कर ताजमहल व आगरा किला को छोड़कर अन्य ऐतिहासिक स्मारकों को बफर जोन से बाहर करते हुए एक सितबंर से खोले जाने की जानकारी दी, जिससे पर्यटन उद्यमियों को राहत मिली है।

यह स्मारक खुलेंगे

प्रवेश शुल्क वाले फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, रामबाग, मरियम टॉम्ब और बिना प्रवेश शुल्क वाले जामा मस्जिद, चीनी का रोजा समेत अन्य सभी स्मारक एक सितंबर से खुलेंगे।

वीकेंड टूरिज्म नहीं होगा

आगरा में स्मारकों को देखने के लिए सप्ताहांत में शनिवार व रविवार को ही सर्वाधिक पर्यटक आगरा आते हैं। शुक्रवार रात 10 से सोमवार सुबह पांच बजे तक 55 घंटे की उप्र में साप्ताहिक बंदी के चलते शनिवार व रविवार को स्मारक बंद रहेंगे। इससे वीकेंड टूरिज्म आगरा में नहीं हो सकेगा।

---

ताजमहल और आगरा किला को छोड़कर अन्य स्मारक 1 सितंबर से खुल जाएंगे। अन्य स्मारकों को बफर जोन से बाहर कर दिया गया। पर्यटकों को कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार स्मारक में भ्रमण के दौरान शारीरिक दूरी के पालन के साथ मास्क लगाना अनिवार्य होगा। साप्ताहिक बंदी के चलते शनिवार व रविवार को स्मारक बंद रहेंगे।

-प्रभु एन सिंह, डीएम, आगरा

Posted By: Inextlive