आगरा: 25 सालों से स्थाई सफाई कर्मचारियों की एवं अन्य संवर्गो के कर्मचारियों की पदोन्नति नहीं हुई है। इस समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य कमल सिंह वाल्मीकि ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। कर्मचारियों के प्रतिनिधि के रूप में विनोद इलाहाबादी ने बताया कि आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों को नगर निगम तो भविष्य निधि पूरी दे रहा है, पर उनके खाते में पैसे नहीं पहुंच रहे हैं। कई सेवानिवृत्त सफाई कर्मचारियों की ग्रेच्युटी रोक दी गई है। ताजगंज के सफाई कर्मचारी राजेश ने बताया कि बीमारी में छुट्टी लेने पर उसके स्थान पर किसी दूसरे को नौकरी दे दी गई। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के राजकुमार विद्यार्थी, बॉबी नरवार, अनिल राजौरिया सुमित चौहान आदि ने समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की। इस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ। अतुल भारती ने बताया कि शैक्षिक योग्यता एवं वरिष्ठता के आधार पर नियमानुसार एक माह में चयन समिति बनाकर पदोन्नति कर दी जाएगी। भविष्य निधि घोटाले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ दो सप्ताह में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जेडएसओ मुख्यालय महेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंहआदि उपस्थित थे।

Posted By: Inextlive