आगरा: 17 लोगों की जान लेने वाली जहरीली शराब की खेप हरियाणा से लाए जाने की आशंका है। पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि अलीगढ़ में जहरीली शराब से मौतों के बाद हुई कार्रवाई के बाद तस्करों ने अपना तरीका बदल लिया है। अब वह हरियाणा से ही यूपी के देसी ब्रांड की बोतलों में शराब पैक कराके ला रहे हैं। शमसाबाद का मनोज यह काम कर रहा था। पुलिस अभी इसकी छानबीन में जुटी है।

17 लोगों की हो चुकी है मौत

रक्षाबंधन पर ठेकों से जहरीली शराब बेची गई थी। इसके चलते डौकी, शमसाबाद, इरादत नगर और ताजगंज में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है। दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद शराब ठेका संचालक और सेल्समैन समेत सात को जेल भेजा था। सप्लायर दारा सिंह कोर्ट में समर्पण कर जेल पहुंच गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ताजगंज क्षेत्र के ठेकों पर इरादतनगर निवासी दारा सिंह ने शराब सप्लाई की थी। वहीं डौकी क्षेत्र में ठेकों का संचालक हेमंत शराब सप्लाई करता था। पुलिस को छानबीन और दारा सिंह से संपर्क करने पर कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। दारा सिंह दो साल पहले अपने रिश्तेदार ब्रह्मलाल के साथ एक स्कूल में अवैध रूप से शराब बनाता था। पुलिस ने यहां छापा मारकर बड़ी मात्रा में केमिकल और शराब बरामद किया था। वह शराब बनाना बंद कर हरियाणा से शराब लाने लगा। वर्तमान में शमसाबाद के ऊंचा गांव निवासी मनोज दारा सिंह को शराब सप्लाई करता था। दारा सिंह इस शराब को गांव-गांव पहुंचाता था। कुंडौल के हेमंत के तार भी मनोज से जुड़े हुए हैं। अलीगढ़ में जहरीली शराब से मौतों के बाद पुलिस ने सत कार्रवाई की। इसके बाद मनोज ने तरीका बदल लिया। अब वह हरियाणा से ही यूपी की देसी शराब की पै¨कग में शराब मंगाता है। हरियाणा से ही यूपी के बार कोड लगकर शराब आती है। पुलिस मनोज को तलाश कर रही है।

Posted By: Inextlive