- खुराफाती पुलिस के रडार पर, हर गतिविधि पर पुलिस की नजर

- सोशल मीडिया पर निगरानी के साथ सर्विलांस की मदद ले रही पुलिस

आगरा: हाथरस कांड को लेकर लोगों को भड़काने की साजिश रची जा रही है। आगरा में जातीय हिंसा के खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट है। खुराफातियों को पुलिस ने रडार पर ले लिया है। इसमें कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी शामिल हैं। सोशल मीडिया पर निगरानी को साइबर सेल को लगाया गया है।

200 से अधिक लोग पुलिस के रडार पर

हाथरस कांड को लेकर माहौल गरम है। वाल्मीकि समाज के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रहे हैं। वे सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से लोगों को भड़काने की कोशिश में लगे हैं। इस तरह के इनपुट के बाद पुलिस प्रशासन ने और सतर्कता बढ़ा दी है। शहर में करीब 200 से अधिक लोग पुलिस के रडार पर हैं। इनमें से कुछ लोग वे हैं जो पूर्व में हुए बवालों में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल थे। कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी पुलिस के रडार पर हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसी इन सभी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। थाना पुलिस को भी इस संबंध में निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर निगरानी को साइबर सेल सक्रिय हो गई है। यह देखा जा रहा है कि समाज में वैमनस्यता फैलाने वाली कोई पोस्ट तो नहीं डाली जा रही।

---

पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों की सूचना पुलिस को दें। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

-बबलू कुमार, एसएसपी, आगरा

Posted By: Inextlive