- एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

- फरार आरोपी की भी तलाश में जुटी पुलिस

- झरना नाले पर किया गया विवाहिता से गैंगरेप

आगरा। झरना नाला के जंगल में पति के सामने महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उससे बरामद मोबाइल फोन में घटना के साक्ष्य मिले हैं। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, लूट और आईटी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

दंपत्ति को जंगल में ले गए

एत्मादपुर निवासी महिला का मायका एत्माद्दौला क्षेत्र में है। वह 29 मार्च की शाम को अपने पति के साथ मायके आ रही थी। महिला का आरोप है कि झरना नाला के पास बाइक सवार तीन युवक मिले। उसके पति की बाइक को ओवरटेक करके रोक लिया। तीनों युवक उन दोनों को धमकाते हुए जंगल में ले गए। वहां उनके कपड़े उतरवाने के बाद अश्लील फोटो खींचे। धमकी देकर तीनों ने दुष्कर्म किया।

छह घंटे बाद दर्ज किया केस

आरोपियों ने रेप के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया। विवाहिता से कुंडल और 10 हजार रुपए छीनकर ले गए। महिला ने 29 मार्च की रात को घर पहुंचकर यूपी 112 पर लूट और मारपीट की सूचना दी। पुलिस ने तब मामला सीमा विवाद में उलझा दिया। महिला ने 30 मार्च की दोपहर एत्मादपुर थाने की छलेसर चौकी पर पहुंचकर अपने साथ लूट और दुष्कर्म की बात बताई। पुलिस ने करीब छह घंटे तक पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद महिला की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट का मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

पीडि़ता ने तहरीर में शाहदरा निवासी गौरी राजपूत उर्फ गौरी शंकर और मोनू व एक अज्ञात का जिक्र किया। पुलिस ने बुधवार को गौरी राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल फोन से महिला और उसके पति के आपत्तिजनक फोटो मिले हैं। महिला का मेडिकल कराया गया है। पुलिस को उसकी रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस मामले के दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

प्रदर्शन सोशल मीडिया पर लाइव, दौड़ी पुलिस

पति के सामने पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ रहा है। पीडि़ता का तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बजाय छह घंटे तक उससे पूछताछ करने पर लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं। बुधवार की सुबह लोगों ने नुनिहाई में विरोध प्रदर्शन किया। इसको सोशल मीडिया पर लाइव कर दिया। जुलूस में चल रहे लोग अपने हाथों में तख्तियां लिए नजर आ रहे थे। इसमें आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग लिखी थी। इस प्रदर्शन की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख जुलूस निकालतीं महिलाएं और युवक भाग गए। हालांकि पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ लिया। उन्हें कुछ देर बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

धर्मस्थल पर जुटे समुदाय विशेष के लोग

पीडि़ता समुदाय विशेष से है। उसका मायका एत्माद्दौला क्षेत्र में है। बुधवार को सुबह नौ बजे समुदाय विशेष के दर्जनों लोग शाहदरा में एक धर्मस्थल पर जुटे। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। इनका कहना था कि पीडि़ता को इंसाफ मिलना चाहिए। पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। कुछ लोग थाने पर जुलूस के रूप में चलने की बात करने लगे। लोगों के जुटने का पता चलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरी तरह से पीडि़ता के साथ है। इसके बाद लोग शांत हो गए।

आरोपी गौरी राजपूत के घटनास्थल पर होने के प्रमाण मिले हैं। उसे सामूहिक दुष्कर्म, लूट और आईटी एक्ट की धारा में जेल भेजा गया है। मामले की जांच अभी चल रही है। इस संबंध में जो भी साक्ष्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रहीं हैं।

मुनिराज जी, एसएसपी

Posted By: Inextlive