आगरा: न्यू आगरा में केंद्रीय ¨हदी संस्थान मार्ग पर वन विभाग के जंगल में बालक का गला रेतने से पहले हत्यारे ने उससे दुष्कृत्य किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कृत्य के बाद हत्या की पुष्टि ने हत्याकांड की जांच को दूसरी ओर मोड़ दिया है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट हो गया है कि बालक की हत्या रंजिशन नहीं बल्कि कुकर्मी ने खुद को पुलिस से बचाने के लिए की थी। उसे डर था कि बालक द्वारा परिजन को अपने साथ हुई घटना की जानकारी देने पर उसे जेल जाना पड़ेगा। फिलहाल पुलिस को हत्यारे का सुराग नहीं मिल सका है।

जंगल में मिला था शव

न्यू आगरा के नगला बूढ़ी में रहने वाला नौ साल का बालक शनिवार की दोपहर घर से खेलने गया था। देर शाम को उसका शव नगला बूढ़ी से लगे जंगल में मिला था। बालक धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस को छाबनीन में पता चला था कि बालक की मां ने तीन शादी की थीं। वर्तमान में वह जिसके साथ रह रही है, वह उसका तीसरा पति है। जिस बालक की हत्या की गई, वह दूसरे पति से था। मां का अपने पति से झगड़ा भी हुआ था। इसके चलते उसने भी पति पर ही हत्या का शक जताया था। वहीं पुलिस भी उस पर शक कर रही थी। इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही थी। रविवार को बालक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्याकांड की जांच दिशा बदल गई है। इसमें बालक से दुष्कृत्य के बाद उसकी हत्या करना बताया गया है। शनिवार को भी शव मिलने के बाद आसपास के लोगों ने दुष्कृत्य के बाद उसकी हत्या करने की आशंका जताई थी। लोगों ने पुलिस को बताया कि वन विभाग का यह जंगल नगला बूढ़ी से कैलाश तक फैला हुआ है। इसमें जुआ भी होता है। इसी साल मार्च में इस जंगल में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई थी। इसके चलते पुलिस अब जंगल में जुए की फड़ लगाने वालों की जानकारी भी कर रही है। इंस्पेक्टर भूपेंद्र बालियान ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कृत्य की पुष्टि हुई है। बालक के हत्यारों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

सुराग के लिए सीसीटीवी कैमरों चेक कर रही पुलिस

नौ साल के बालक की दुष्कृत्य के बाद हत्या करने वाले का सुराग हासिल करने के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी को बालक अच्छी तरह से जानता था। इसलिए उसने खुद को बचाने के लिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस नशे के आदी लोगों की भी छानबीन कर रही है।

Posted By: Inextlive