आगरा: आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। इसके खिलाफ गुरुवार सुबह 11 बजे एडीए बोर्ड सदस्यों का गुस्सा फूटा पड़ा। नाराज सदस्यों ने एडीए उपाध्यक्ष कक्ष में जमकर हंगामा किया। एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह और सदस्य शिव शंकर शर्मा में नोकझोंक हुई। कक्ष में सदस्य धरने पर बैठ गए। हंगामे के चलते आधा घंटे तक कार्य प्रभावित रहा।

शहर में एडीए के दस वार्ड हैं। इनमें 256 अवैध कालोनियां और 27 हजार अवैध निर्माण हैं। कार्रवाई के नाम पर रस्म अदायगी की जाती है। एडीए की जमीनों पर कब्जा हो रहा है। प्रवर्तन अनुभाग ठीक से काम नहीं कर रहा है। शिकायतों को दबा दिया जाता है। इन्हीं सब शिकायतों को लेकर एडीए बोर्ड के सदस्य शिव शंकर और नगेंद्र दुबे गामा गुरुवार सुबह 11 बजे एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के पास पहुंचे। उपाध्यक्ष का व्यवहार ठीक नहीं रहा। आरोप है कि उपाध्यक्ष ने बाहर जाने की बात कही। शिकायतों के निस्तारण न होने पर बोर्ड सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। सदस्यों का कहना था कि इंजीनियरों की मनमानी के चलते एडीए की आर्थिक स्थिति खराब है। सरकारी खजाना खाली हो रहा है। एसएस कान्वेंट स्कूल में अवैध निर्माण को सील नहीं किया जा रहा है। रेनबो अस्पताल के सामने भी अवैध निर्माण हो रहा है। चर्च रोड में बिना नक्शा के एक भवन पर तेजी से काम चल रहा है। गांधी नगर पेट्रोल पंप के पास बिना नक्शा पास कराए भवन बन रहे हैं। इसे लेकर एडीए उपाध्यक्ष और सदस्य शिव शंकर शर्मा में नोकझोंक हुई। सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी और कक्ष में धरने पर बैठ गए।

शिकायतकर्ता सुधीर गोयल ने कहा कि इंजीनियरों की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की जाएगी। दीप्ति गर्ग, रामकुमार जादौन, दीपक, सूरज शर्मा, वरुण पराशर मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive