- बदमाशों ने की फायरिंग, सर्राफा ने भी चलाई गोली

- एक बदमाश हुआ घायल, सोने-चांदी के आभूषण ले गए

आगरा। थाना अछनेरा के गांव रायभा में हथियार बंद बदमाशों ने सर्राफा के यहां डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश फायरिंग कर लाखों रुपये कैश व आभूषण ले गए। सर्राफा की फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। जिसे उसके साथी साथ लेकर भाग निकले। पुलिस ने मामले की जांच कर ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।

दुकान में सुनाई दी खटपट की आवाज

गांव रायभा के मुख्य बाजार में राजकुमार वर्मा की ओमप्रकाश ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। दुकान के ऊपर ही राजकुमार का परिवार रहता है। बीती रात करीब 3 से 4 बजे के बीच राजकुमार की बहन को दुकान में कुछ खटपट की आवाज सुनाई दी। उसने नीचे उतरकर देखा तो बाहर से कुंडी लगी थी। उसने शोर मचाते हुए अपने भाइयों को जगाया। आसपास के पड़ोसी भी आवाज सुनकर जाग गये।

सर्राफा ने भी की फायरिंग

राजकुमार अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर नीचे उतरकर आए। राजकुमार ने देखा कि बदमाश उनकी दुकान में लूटपाट कर रहे हैं। बदमाशों ने राजकुमार पर फायरिंग कर दी। इधर, राजकुमार ने भी अपनी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से लगभग 10 राउंड फायरिंग हुई। इसी दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी घायल बदमाश को साथ ले गए। राजकुमार के अनुसार बदमाशों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया।

ये सामान ले गए

- 18 किलो चांदी

- 500 ग्राम करीब सोना

- 1.60 लाख कैश

7 बदमाशों ने बोला धावा

डायल 112 से नहीं मिली मदद

घटना के दौरान सर्राफा ने 112 नंबर डायल किया, लेकिन इसके बाद भी कोई उनकी मदद को नहीं पहुंचा। इस पर राजकुमार ने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। पुलिस की कार्यशैली से ग्रामीणों में रोष है। घटना के 45 मिनट बाद दो पुलिसकर्मी पहुंचे। उन्होंने अपने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। तब थाना प्रभारी उदयवीर सिंह मलिक पुलिसबल के साथ पहुंचे। जांच पड़ताल शुरू की। मंगलवार सुबह एसपी सत्यजीत गुप्ता ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच की।

आंदोलन की दी चेतावनी

फायरिंग के दौरान जिस अज्ञात बदमाश को गोली लगी थी, उसके खून के निशान एक किलोमीटर देखे गए। ग्रामीणों के अनुसार बदमाश सर्राफा से पूरी तरह वाकिफ थे। राजकुमार का नाम लेकर उसको गोली मारने की बात आपस में कह रहे थे। किसी प्रकार राजकुमार बच गए। पूर्व सांसद चौधरी बाबूलाल ने सर्राफा राजकुमार वर्मा के घर पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद एसएसपी से फोन पर वार्ता की। घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिये। किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह ने भी घटना का खुलासा नहीं होने पर आन्दोलन की चेतावनी दी।

घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा होगा। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की संख्या सात है। पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

सत्यजीत गुप्ता, एसपी पश्चिम

Posted By: Inextlive