- स्मृति और रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी ने मासिक धर्म स्वच्छता पर चलाई मुहिम

- रूई की मंडी में महिलाओं को किया जागरूक, बांटे सैनिटरी पैड

आगरा: हमारे देश में गर्भावस्था को उत्सव की तरह मनाया जाता है, लेकिन गर्भावस्था तक पहुंचने के अहम पड़ाव मासिक धर्म स्वच्छता पर कोई बात ही नहीं करता। यह कहना था डॉ। निहारिका मल्होत्रा का। वे स्मृति और रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी आगरा की मासिक धर्म स्वच्छता पर चल रही मुहिम के अंतर्गत रूई की मंडी क्षेत्र में महिलाओं को जागरूक कर रही थीं।

गंदा कपड़ा इस्तेमाल करतीं महिलाएं

महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता का महत्व बताने के साथ ही सैनिटरी पैड, मास्क और इससे जुड़ी हाईजीन किट प्रदान की गई। स्मृति की अध्यक्ष डॉ। निहारिका ने कहा कि भारत में 70 फीसद महिलाएं मासिक धर्म स्वच्छता उत्पाद इस्तेमाल नहीं करती हैं, बल्कि गंदा कपड़ा या अन्य असुरक्षित चीजों का इस्तेमाल करती हैं। इससे उनके स्वास्थ्य और यौन स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव पड़ता है। आज के समय में महिलाओं को जागरूक होना होगा, मासिक धर्म पर बात करनी होगी। स्मृति की सदस्य शिक्षा जैन ने महिलाओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी के अध्यक्ष डॉ। नरेंद्र मल्होत्रा, सचिव राजीव कुमार सिंह, अंशु मित्तल, नूतन बजाज, नवीन कड़ेचा, केशवेंद्र सिसौदिया, आदित्य रावत आदि का सहयोग रहा।

Posted By: Inextlive