- पुलिस ने दो घंटे में किया घटना का पर्दाफाश, आरोपित गिरफ्तार

- चोरी करते समय दादी के पकड़ लेने पर आरोपित ने की थी हत्या

आगरा: ताजमहल के पीछे मेहताब बाग के पास बस्ती में गुरुवार रात एक वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो घंटे में ही बिगड़ैल नाती को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया। उसने चार हजार रुपये चोरी कर लिए थे। दादी के जागने पर पकड़े जाने के डर से उसने दादी की हत्या कर दी।

मेहताब बाग के शंभू नगर में 60 वर्षीय उर्मिला के पति बच्चू सिंह की बीस वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उनके चार बच्चे हैं। सभी अलग-अलग घरों में रहते हैं। उर्मिला की घर के बाहर की परचून की दुकान है। गुरुवार को उन्होंने 48 हजार रुपये में अपनी भैंस बेची थी। उसके रुपये घर में रखे थे। रात को वे घर में सो गईं। सुबह उर्मिला का खून से सना शव दरवाजे पर पड़ा था। सुबह स्वजन को जानकारी हुई। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और इंस्पेक्टर एत्माद्दौला उमेश चंद्र त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। डाग स्क्वाड बुला लिया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। उर्मिला के घर में सामान बिखरा पड़ा था। दुकान में रखी गुल्लक भी खाली मिली। उर्मिला का नाती अरुण कुछ वर्ष पहले तक उनके साथ रहता था। वह बिगड़ैल था और आदतें खराब थीं। इसलिए उर्मिला ने उसको अपने घर से निकाल दिया था.एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन के बाद ही नाती अरुण पर शक गहरा गया था। इंस्पेक्टर उमेश चंद्र त्रिपाठी उसके घर पर पहुंचे। घर में रस्सी पर एक स्वेटर सूख रहा था। यह स्वेटर अरुण का था। उसका और कोई कपड़ा नहीं धुला था। पुलिस ने अरुण को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उससे कहा कि मौके पर उसके ¨फगर ¨प्रट मिले हैं। इसके बाद आरोपित टूट गया। उसने घटना कुबूल ली। अरुण ने बताया कि दादी के पास रुपये रहते थे। वह खर्च को रुपये नहीं देती थीं। चार दिन पहले अरुण ने हत्या की साजिश रची थी। बिजलीघर से 35 रुपये में चाकू खरीदा। गुरुवार रात को एक बजे वह घर में पहुंचा। उसने पूरे घर में तलाशी ली। उसको चार हजार तीन सौ रुपये मिल गए। वह घर में ही था। तभी दादी आ गईं। उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके बाद अरुण ने दादी का गला चाकू से काट दिया। भागने से पहले वह बिजली का कनैक्शन भी काट गया, जिससे रात में किसी को पता न चले।

Posted By: Inextlive