फतेहपुर सीकरी: युवक को गोली मारकर हमलावर भाग निकले। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में तीन नामजद समेत चार के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस केस को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

फतेहपुर सीकरी के गांव दूरा निवासी गीतम उर्फ सुनील पुत्र दीवान सिंह मंगलवार रात घर में सो रहा था। मध्यरात्रि में वह लघुशंका को उठकर बाहर आया तभी किसी ने उसे गोली मार दी। गोली की आवाज से परिजन जाग गए। बाहर आए तो गीतम लहूलुहान पड़ा था। उसके बाएं हाथ से खून बह रहा था। उसे अस्पताल ले जाया गया। वहीं सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को मौके से तीन खाली कारतूस भी मिले। गीतम के भाई पदम सिंह ने गांव के ही तीन समेत चार लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि केस संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। गीतम पक्ष का गांव के दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा है, उनके खिलाफ ही तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों में हुए झगड़े में शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। गोलीकांड की जांच की जा रही है।

Posted By: Inextlive