शहर में पोल अब सिर्फ तार और स्ट्रीट लाइट का बोझ नहीं उठाएंगे बल्कि ऐसे ही पोल पर आपको वाई-फाई पीएएस समेत विभिन्न सुविधाएं मिल सकेंगी. इसके लिए आगरा विकास प्राधिकरण ने स्मार्ट पोल लगाने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है.

आगरा(ब्यूरो)। एडीए की ओर से ताजमहल और फतेहपुरसीकरी के आसपास स्मार्ट पोल लगाए जाएंगे। आम पोल की तरह दिखने वाले स्मार्ट पोल सिर्फ क्षेत्र का अंधेरा ही दूर नहीं करेंगे, बल्कि लोगों को विभिन्न सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगे। इन स्मार्ट पोल पर एलईडी स्क्रीन के साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगा होगा। ये हाईटेक सीसीटीवी कैमरे से भी लैस होंगे।

स्मार्ट पोल पर ये होगा खास
- सीसीटीवी: हाईटेक सीसीटीवी कैमरे भी स्मार्ट पोल पर लगाए जाएंगे। इससे क्षेत्र में हर एक्टिविटी पर भी नजर रखी जा सके।
- वाईफाई: इन स्मार्ट पोल को ऑप्टिकल फाइबर से भी कनेक्ट किया जाएगा। इन स्मार्ट पोल के जरिए वाईफाई की सुविधा भी दी जाएगी।
- एलईडी: इसका इस्तेमाल डिजिटल बिल बोर्ड के रूप में किया जाएगा। साथ ही इस स्क्रीन पर शहर के बारे में जानकारी देते हुए व सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।
- पैनिक बटन: किसी भी इमरजेंसी सिचुएशन में मदद के लिए इन पोल पर पैनिक बटन भी होगा।
- एनवायरमेंटल सेंसर: आधुनिक सुविधाओं से लेस ये पोल शहर के पर्यावरण का भी ध्यान रखेंगे। इसके लिए इन पोल पर सेंसर लगाए जाएंगे।
- स्ट्रीट लाइट: इन स्मार्ट पोल पर आधुनिक स्ट्रीट लाइट भी लगेंगी। जो आसपास के क्षेत्र को रोशन करेंगी।
- पीएएस: पोल पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगा होगा। जिसके जरिए एनाउंसमेंट कर लोगों को जानकारी दी जाएगी।

यहां लगेंगे स्मार्ट पोल
- 20 स्मार्ट पोल ताजमहल के आसपास क्षेत्र में लगाए जाएंगे
- 20 स्मार्ट पोल फतेहपुरसीकरी के आसपास क्षेत्र में होंगे इंस्टॉल
- 3 लाख रुपए करीब एक स्मार्ट पोल लगाने पर होंगे खर्च
- 1.5 करोड़ रुपए है पूरे प्रोजेक्ट का बजट

शहर में पहली बार लगेंगे स्मार्ट पोल
आगरा में पहली बार स्मार्ट पोल लगेंगे। जिन पर लोगों को व्हीकल चार्जिंग से लेकर तमाम तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी। अन्य शहरों में इस तरह के पोल लगे हुए हैं।


ताजमहल और फतेहपुरसीकरी के आसपास क्षेत्र में स्मार्ट पोल लगाए जाएंगे। इसको पथकर समिति में पास करा लिया गया था।
चर्चित गौड़, वीसी, एडीए

Posted By: Inextlive