शहर के लोहामंडी थाना क्षेत्र की मिश्रित आबादी मोतीकुंज में रविवार की रात सेवा भारती के कार्यालय पर समुदाय विशेष के कुछ युवकों ने हमला कर दिया. कार्यालय प्रभारी और अन्य कार्यकर्ताओं से मारपीट की पथराव किया. इसमें कार्यालय प्रभारी सहित चार कार्यकर्ता घायल हो गए. आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय समेत दर्जनों कार्यकर्ता देर रात तक थाने पर डटे हुए थे.

आगरा (ब्यूरो)। घटना करीब आठ बजे की है। बिल्लोचपुरा मार्ग स्थित मोतीकुंज पर सेवा भारती का कार्यालय है। सेवा भारती के कार्यालय के प्रभारी फतेहाबाद निवासी शिवम हैं। वह यहीं पर रहते हैं। शिवम के अनुसार, रविवार की रात कार्यालय के बाहर समुदाय विशेष के कुछ लोग नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। उन्होंने युवकों को टोक दिया। जिससे वह आक्रोशित हो गए। इन युवकों ने अपने लोग बुला लिए और कार्यालय पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान समुदाय विशेष के लोगों ने शिवम और कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। सेवा भारती के कार्यालय पर पथराव व मारपीट की जानकारी होने पर दर्जनों कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। इसी बीच पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।

थाने पहुंचे भाजपाई
भाजपा पार्षद शरद चौहान ने बताया कि भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन सहित तमाम भाजपाई भी थाने पहुंच गए। घटनाक्रम के विरोध में भाजपा नेताओं ने थाना परिसर में जमकर नारेबाजी की। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी जा रही है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।

" आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। "
- सुधीर कुमार सिंह, एसएसपी, आगरा

Posted By: Inextlive