- वेतन नहीं मिलने पर चार दिन से हड़ताल पर थे बीवीजी कंपनी के कर्मचारी

- एडीए ने 66 लाख रुपये का नगर निगम को किया भुगतान, जल्द मिलेगा वेतन

आगरा। पिछले चार दिनों से हड़ताल पर चल रहे बीवीजी (भारतीय विकास ग्रुप) कंपनी के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई। गुरुवार को एडीए से 66 लाख रुपये का भुगतान होने पर नगर निगम ने कंपनी को भुगतान कर दिया गया है। तीन दिन से ताज के दो किमी के दायरे में सफाई न होने से ताजगंज एरिया में गंदगी के ढेर लग गए थे। इसके चलते ताजगंज के एक लाख लोग प्रभावित रहे।

ताज पर संभालती है सफाई की कमान

साफ-सफाई नहीं होने से ताज का दीदार करने आने वाले सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बता दें, बीवीजी कंपनी ताज पर सफाई का कार्य करती है। कंपनी ने सफाई कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया था। इसके चलते वे हड़ताल पर चले गए थे।

अपर नगर आयुक्त और जेएडएसओ ने की वार्ता

वेतन न मिलने से हड़ताल पर चल रहे बीवीजी कंपनी के सफाई कर्मचारियों से अपर नगर आयुक्त केबी सिंह, सहायक नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला और जेएडएसओ इंद्रजीत सिंह ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। उन्हें समझाया गया कि वे हड़ताल खत्म कर काम शुरू कर दें। उन्हें आश्वासन दिया गया कि कंपनी द्वारा उन्हें भुगतान कर दिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों ने बीवीजी कंपनी के गाजियाबाद में मैनेजर से बात की। इसके बाद सफाई कर्मचारी माने। हालांकि, नगर निगम के अधिकारियों ने टीम लगाकर सफाई कार्य करा दिया।

कंपनी को हर महीने 26 लाख का भुगतान

एडीए पथकर निधि से बीवीजी कंपनी को 26 लाख रुपये भुगतान हर महीने करता है। बता दें कि बीवीजी कंपनी ताज के दो किमी के दायरे में सफाई कार्य करती है। 142 सफाई कर्मचारी ताज की सफाई व्यवस्था को संभालते हैं। बता दें, कंपनी ने इस बारे 1.50 करोड़ के बकाए का बिल नगर निगम को भेजा था। नगर निगम ने सभी बिल एडीए को भेज दिए। इस बारे में एडीए के सचिव आरके त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम को 66 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है। इस बार लॉकडाउन में ताज के बंद रहने से पथकर निधि से केवल पांच लाख रुपये ही मिल पाए।

हमने नगर निगम को 66 लाख का भुगतान कर दिया है। अब नगर निगम को कंपनी को भुगतान करना है।

आरके त्रिपाठी सचिव एडीए

सफाई कíमयों को वेतन के भुगतान का भरोसा दिलाया गया है। इस बारे में कंपनी के मैनेजर से भी बात की गई है। सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है। वैसे हमने सफाई करा दी है। शुक्रवार से कंपनी के कर्मचारी सफाई करेंगे।

अमान शाहिद प्रभारी जेएडएसओ ताजगंज जोन नगर निगम आगरा

Posted By: Inextlive