- अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री रहा कम

- शीत लहर चलने से तापमान में आई गिरावट

आगरा। सर्द हवा में धूप ने गर्मी का माहौल बनाने की कोशिश की। तेज धूप के बाद भी गलन भरी सर्दी से सोमवार को राहत नहीं मिल सकी। दिन में धूप निकली, रात को शीत लहर चली। इससे तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे पहुंच गया।

सुबह से ही धूप निकली, दोपहर 12 बजे के बाद धूप तेज होती गई। धूप में लोग घरों की छत और कार्यालय के बाहर खड़े रहे। मगर, सर्द हवा चलने से सर्दी से राहत नहीं मिली, दोपहर दो बजे तक तेज धूप रही। इसके बाद सूरज के तेवर नरम होते गए और सर्द हवा तेज होने लगी। अधिकतम आ‌र्द्रता 97 फीसद तक पहुंचने से गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहे। रात को शीत लहर चली। इससे न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 18.1 डिग्री दर्ज किया गया।

4 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को सुबह कोहरा छाएगा, दिन में धूप निकलने के साथ शीत लहर चलेगी। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है, 27 दिसंबर तक कोहरा छाए रहने से तापमान चार से पांच डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने की आशंका है।

Posted By: Inextlive