आगरा। जनपद आगरा में शुक्रवार इस सीजन का सबसे ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रहा। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे से हुई, तेज सर्द हवा चलती रही। सुबह दृश्यता शून्य रही। सुबह 11 बजे तक धुंध छाई रही, 11.30 बजे के बाद धूप निकली। सर्द हवाएं ठिठुरन पैदा कर रही थीं। दोपहर में धूप निकली लेकिन अधिकतम आ‌र्द्रता 100 फीसद तक पहुंचने से गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहे। शाम चार बजे के बाद शीत लहर तेज हो गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तक सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है और 31 दिसंबर को ठंड के साथ बादल भी छाए रहेंगे।

आगरा प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा शहर

आगरा में ठंड का असर इतना है कि शुक्रवार को प्रदेश में यह दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान सबसे कम झांसी (4) और उसके बाद आगरा ( 4.5) दर्ज किया गया।

28 और 29 दिसंबर को कोल्ड डे

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 और 29 दिसंबर को कोल्ड डे रहेगा, सुबह कोहरा छाएगा। धूप निकलने के बाद भी गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहेंगे। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के करीब रहेगा।

पिछले साल तीन डिग्री तक पहुंचा था तापमान

27 दिसंबर 2018 को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया था। मगर, अधिकतम तापमान 22 डिग्री था। लेकिन, इस बार न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री है जबकि अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 10 डिग्री का अंतर है, इससे दिन भर लोग सर्दी में ठिठुर रहे हैं।

Posted By: Inextlive