- हाथरस से नियुक्ति पत्र लेकर बाइक से जाते समय कार ने मारी टक्कर

- मलपुरा क्षेत्र में दक्षिणी बाइपास पर नगला कारे गांव के पास हुआ हादसा

आगरा: हाथरस से प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक का नियुक्ति पत्र लेकर लौट रहे शिक्षक घर पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गए। मलपुरा क्षेत्र में दक्षिणी बाइपास पर कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। अकोला के ऊधर थोक निवासी 32 वर्षीय जय सिंह शनिवार को नियुक्ति पत्र लेने हाथरस गए थे। रात दस बजे वे बाइक से अकेले घर लौट रहे थे। मलपुरा क्षेत्र में दक्षिणी बाइपास पर नकला कारे के पास उन्हें एक कार ने चपेट में ले लिया। जय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार मौके पर ही छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने कार सीज कर दी है। घर में उनके शिक्षक बनने की खुशी थी। सभी उनके वापस आने का इंतजार कर रहे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। स्वजन ने बताया कि जय सिंह शिक्षक बनने के लिए काफी समय से प्रयास कर रहे थे। वर्ष 2014 में ही उन्होंने बीटीसी कर ली थी। सरकारी नौकरी न मिलने पर वे प्राइवेट विद्यालय में अध्यापन कर रहे थे। शनिवार को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद उन्होंने घर फोन करके बताया था। लंबे इंतजार के बाद उनके शिक्षक बनने पर घर में खुशी का माहौल था। क्या पता था कि वे घर भी लौटकर नहीं आएंगे।

Posted By: Inextlive