जीवनी मंडी चौकी के पास दो युवकों ने एक युवक को मामूली विवाद में जमकर पीटा. जब युवक भागने लगा तो उसके सरे राह चाकू मार दिया. पुलिस ने घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है. दोनों आरोपी युवक फरार हो गए हैं.

आगरा। थाना छत्ता अंतर्गत कोयले वाली बस्ती निवासी रजत और चंदा पानी वाली गली निवासी अंकित व एक अन्य युवक शाम को यमुना किनारे साथ बैठे थे। बताया गया है कि वहां पर रजत और अंकित के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई। रजत वहां से जीवनी मंडी चौराहे पर आ गया। वो चौराहे पर एक दुकान पर बैठा था। करीब आधे घंटे बाद शाम पौने सात बजे अंकित अपने दोस्त के साथ रजत के पास पहुंचा। वहां पर अंकित का रजत से फिर से विवाद हुआ।

सड़क पर गिराकर मारे पेट में चाकू
आरोप है कि अंकित और उसके साथी ने रजत के साथ मारपीट की। रजत वहां से भागने लगा। अंकित और उसके साथी ने पीछा कर उसे जीवनी मंडी चौकी के पास पकड़ लिया। सड़क पर गिराकर अंकित ने रजत के पेट में चाकू मार दिया। उसके पेट में कई प्रहार किए गए।

घायल को एसएन में कराया भर्ती
जहां पर रजत को चाकू मारा है, वो जगह पुलिस चौकी से थोड़ी दूरी पर है। युवक को चाकू मारने की सूचना पर चौकी से पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल एसएन इमरजेंसी पहुंचाया। इंस्पेक्टर छत्ता का कहना है कि अंकित नाम के युवक और रजत के बीच विवाद हो गया था। अंकित ने रजत को चाकू मार दिया। विवाद का कारण अभी पता नहीं चला है। घायल का एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

Posted By: Inextlive