आगरा। बच्चों के साथ खेल के दौरान भटक कर लापता हुए मासूम शैजान को नेहरू नगर चौकी पर तैनात उप निरीक्षक विक्रम सिंह ने दो घंटे में ही बरामद कर लिया। भटकते मिले बालक को उन्होंने न सिर्फ खाना खिलाया, बल्कि परिवार से मिलवाया। पाय चौकी स्थित कटरा गाड़ीवान निवासी 8 वर्षीय शैजान कल दोपहर दो बजे बस्ती में ही बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक लापता हो गया। थाना कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। शाम सात बजे के करीब नेहरू नगर चौकी पर तैनात उप निरीक्षक विक्रम सिंह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पार्क के पास 8 वर्षीय मासूम भटकता मिला। अपना नाम शैजान और अपने पिता का नाम अकील उर्फ राकेश ही बताया। उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बच्चे को चौकी पर ले गए। सिपाही से लेकर दरोगा तक के बने विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में बच्चे की जानकारी से संबंधित मैसेज सेंड कर दिया। मैसेज देख पाय चौकी इंचार्ज ने नेहरू नगर चौकी पुलिस से संपर्क किया और बताया कि यह बच्चा उनके क्षेत्र से लापता हुआ है। जानकारी होने पर मां रिहाना अन्य परिजनों के साथ चौकी नेहरू नगर पहुंच गई। जहां इकलौते बेटे को सकुशल देख खुशी में उनकी आंखें भर आई। मां रिहाना पुलिस की इस कार्यशैली से बेहद खुश नजर आई। उन्होंने बताया कि शैजान उनका इकलौता बेटा है। वह मानसिक रूप से कमजोर है। इसके अतिरिक्त उनकी एक बेटी फैजल है। पति मुंबई स्थित एक बेकरी में काम करते हैं।

Posted By: Inextlive