- वाटरव‌र्क्स से जीवनी मंडी मार्ग पड़ा है बंद

- पाइपलाइन डालने का चल रहा है काम

- हाईवे से आने वाले सभी टूरिस्ट्स जाते थे इस रास्ते से

- ताज के पूर्वी द्वार और किला जाने का मुख्य मार्ग है यमुना किनारा रोड

आगरा। ताज खुलने वाला है, लेकिन ताजमहल जाने का रास्ता अब भी बंद पड़ा हुआ है। पानी की पाइपलाइन डालने के लिए वाटरव‌र्क्स चौराहे से जीवनी मंडी (वाटर व‌र्क्स गेट) रोड को 30 सितंबर तक बंद कर दिया गया है। यह हाईवे से जीवनी मंडी, यमुना किनारा रोड होते हुए आगरा किला और ताजमहल के पश्चिमी गेट पर जाने का अहम रास्ता है। लेकिन अब यह रास्ता बंद पड़ा हुआ है। फिलहाल काम की धीमी रफ्तार को देखकर भी जल्द रास्ता शुरू होने की उम्मीद कम ही है।

व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित

स्मार्ट सिटी कंपनी इस रोड पर पहले चरण में 1200 मिमी की पाइपलाइन बिछाने का काम कर रही है। इस रोड के बंद होने से ताजमहल और आगरा किला जाने का एक मुख्य मार्ग बंद हो गया है। ऐसे में अब ताजमहल और आगरा किला जाने वाले लोगों को दूसरे रास्तों का रुख करना होगा। इसके साथ ही 80 हजार व्यापारिक गतिविधियों से डेली आने-जाने वाले लोगों को भी इससे परेशानी हो गई है।

5.50 किमी लंबी बिछ रही लाइन

आगरा स्मार्ट सिटी कंपनी ताजगंज एरिया में 24 घंटे पानी की सप्लाई के लिए 1200 मिमी की जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से लेकर ताजगंज तक 5.50 किमी लंबी पाइप लाइन बिछा रही है। इसके पहले चरण का काम जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स तक चल रहा है।

इन रास्तों से जाएं ताजमहल या आगरा किला

हाईवे की ओर से आने वाले टूरिस्ट्स वाटरव‌र्क्स की ओर से न आएं, वे लंगड़े की चौकी या रामबाग से चीनी का रोजा, एत्माद्उद्दौला होते हुए अंबेडकर पुल से घूमते हुए जीवनी मंडी रोड यमुना किनारा पर पहुंच सकते हैं।

ताजमहल खुलने वाला है। ऐसे में यमुना किनारा रोड की ओर जाने वाली सड़क को खोद दिया गया है। इस काम को पहले भी किया जा सकता था। अब ताज देखने वालों को दूसरे रास्ते का इस्तेमाल करना होगा।

-वीरेंद्र गुप्ता, सदस्य पर्यटन मित्र

यमुना किनारा रोड से होते हुए हमेशा हाईवे से आने वाले टूरिस्ट्स आते हैं। लेकिन अब वाटरव‌र्क्स से जीवनी मंडी तक इसे पाइपलाइन डालने के चलते बंद कर दिया गया है। ऐसे में ताजमहल और आगरा किला जाने वालों को मुश्किल होगी।

-मनीष अग्रवाल, संयोजक, एसौचेम यूपी चैप्टर

Posted By: Inextlive