-दिल्ली के लाजपत नगर से नेपाल जा रहे थे सभी

-दो मृतकों की नहीं हो सकी अभी पहचान

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे जा रहे कैंटर से टकरा गई। हादसे में एक महिला व एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी दिल्ली के लाजपत नगर से टैक्सी बुक कराकर नेपाल जा रहे थे। दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

हादसा रात करीब साढ़े 12 बजे का है। यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 135 पर नोएडा की ओर से आ रही अर्टिगा कार आगे जा रहे कैंटर से टकरा गई। इससे कार सवार नेपाल के सोमालीबड़ा निवासी पवन कुमारी पांडेय उर्फ लक्ष्मी (27) व एक अन्य पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक आजमगढ़ निवासी प्रवेश, ममता और प्रकाश, गो¨वद और यमबहादुर समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक एके तोमर ने बताया कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। इसमें केवल पवन कुमारी पांडेय की ही पहचान हो पाई है। दो अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों में ममता और प्रकाश सोमालीबड़ा नेपाल की रहने वाली हैं। अन्य घायल बेहोशी की हालत में हैं, इसलिए इनके पते की जानकारी नहीं हो पाई है।

तीन माह पहले हुई थी पवन की सगाई:

सिद्धार्थ नगर बार्डर से सटा नेपाल का सोमालीबड़ा गांव निवासी पवन कुमारी पांडेय गुरुग्राम में रहती थीं। उनकी तीन माह पहले ही गुरुग्राम निवासी राम पांडेय के साथ सगाई हुई थी। अभी शादी की तारीख तय नहीं हो पाई थी। रामप्रताप ने ही पुलिस को बताया कि ये सभी किराए की कार से लाजपत नगर से नेपाल जा रहे थे। रामप्रताप ने पवन कुमारी के अलावा ममता और प्रकाश की पहचान की है।

Posted By: Inextlive