- पुलिस की पांच टीमें कर रहीं थी बदमाशों की तलाश

- यमुनापार में हत्यारोपी और पुलिस का हुआ आमना-सामना

आगरा। नगला किशनलाल में ट्रिपल मर्डर ने शहर में सनसनी फैला दी थी। एडीजी समेत पुलिस के आला अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी बबलू कुमार ने पांच टीमों का गठन किया, जिसमें हत्यारोपियों का सुराग लगने के बाद सर्विलांस टीम लगातार उनकी लोकेश ट्रेस कर रही थी। पुलिस ने यमुनापार के 100 फुटा पर हत्यारोपी बाइक सवारों की घेराबंदी कर ली। इस पर हत्यारोपियों ने फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, एक सिपाही भी घायल हुआ है।

हत्या के बाद अलीगढ़ मिली लोकेशन

नगला किशनलाल में ट्रिपल मर्डर को अंजाम देने के बाद सुभाष और वकील ने गजेंद्र को बस स्टैंड पर छोड़ा था, जहां से वह गुड़गांव की ओर रवाना हो गया। सुभाष ने बताया कि गजेंद्र एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। लॉकडाउन के चलते कंपनी बंद होने पर घर पर था, लेकिन वर्तमान में फिर से वह अपने काम पर लौट गया। इसके बाद सुभाष और वकील बाइक से अलीगढ़ की ओर रवाना हो गए। सोमवार रात वापस लौटने की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी शुरू कर दी।

सुबह हत्यारोपियों से हुई मुठभेड़

मंगलवार सुबह कालिंदी विहार स्थित 80 फुटा रोड पर पुलिस का बाइक पर आ रहे हत्यारोपियों से आमना-सामना हो गया। एसएपी बबलू कुमार के अनुसार हत्यारोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर दो आरोपियों सुभाष और वकील को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, इनका एक साथी गजेंद्र भाग निकलने में सफल रहा। मुठभेड़ के दौरान आरोपी सुभाष और वकील के पैर में गोली लगी है। जबकि, पुलिस टीम का सिपाही अनूप हाथ में गोली लगने से घायल हुआ है।

घायलों का चल रहा इलाज

दोनों आरोपियों के साथ ही घायल सिपाही को उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कप्तान बबलू कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपने जुर्म कबूल कर लिए हैं। दोनों नगला किशनलाल के ही रहने वाले हैं। फरार आरोपी गजेंद्र की तलाश में दबिश दी जा रही है।

ये सामान किया बरामद

- सोने-चांदी के जेवर

- 80 हजार कैश

- एक पिस्टल

-एक तमंचा

- बाइक

ट्रिपल मर्डर के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, एसओजी, स्वाट टीम, खुफिया पुलिस, पांच शहर के तेजतर्रार थाना प्रभारी लगाए गए थे। दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हैं। उसमें एक सिपाही अनूप को हाथ में गोली लगी है, घायलों का इलाज चल रहा है।

बबलू कुमार, एसएसपी

Posted By: Inextlive