आगरा : उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं फरवरी 2021 में शुरू हो सकती हैं। इसके लिए बोर्ड ने जिला विद्यालय निरीक्षण को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्हें सभी प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर आंतरिक प्रयोगात्मक परीक्षाएं 31 जनवरी 2021 तक संपन्न करानी होंगी।

जिला विद्यालय निरीक्षण रवींद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण बोर्ड ने कक्षा नौवीं और 11वीं के साथ हाईस्कूल-इंटर बोर्ड परीक्षा के लिए सभी विषयों के लिखित, प्रोजेक्ट, प्रयोगात्मक पाठ्यक्रम 30 फीसद तक कम कर दिया है। बोर्ड ने शैक्षिक सत्र का संशोधित शैक्षिक कैलेंडर भी जारी कर दिया है, जिसके अनुसार वर्ष 2021 की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं फरवरी 2021 के प्रथम व द्वितीय सप्ताह में आयोजित करना प्रस्तावित हैं। इससे पहले सभी राजकीय, सहायता प्राप्त व वित्तविहीन स्कूलों में 31 जनवरी 2021 तक इंटरमीडिएट की आंतरिक प्रयोगात्मक परीक्षाएं और हाईस्कूल के प्रोजेक्ट कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए हैं।

15 फरवरी तक मांगे आंतरिक मूल्यांकन :

बोर्ड सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि वह सभी स्कूलों के आंतरिक मूल्यांकन के प्राप्तांक और हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के ग्रेड व प्राप्तांक 15 फरवरी 2021 तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करा दें। इसके बाद इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा की तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी।

Posted By: Inextlive