शाहदरा खटीक बस्ती टैगोर नगर और दयालबाग में ठीेक से जलापूर्ति न होने पर लोगों का धैर्य जबाव देने लगा है. कंप्लेन के बाद भी टैंकर न पहुंचने पर आक्रोशित महिलाओं ने मंगलवार को दोनों क्षेत्रों में मटके लेकर प्रदर्शन किया.


आगरा। आक्रोशित लोगों ने 48 घंटे में जलापूर्ति न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बता दें कि पालड़ा झाल, बुलंदशहर से आगरा को कम गंगाजल मिला। जीवनी मंडी वाटरवक्र्स से 110 और गंगाजल प्लांट सिकंदरा से 125 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। आगरा को हर दिन 350 एमएलडी गंगाजल मिलना चाहिए।

एक महीने पहले खराब हुई थी मोटर
खटीक बस्ती शाहदरा में 200-250 परिवार रहते हैं। एक हजार की आबादी है। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि कुछ हिस्से में लाइन बिछी है। कुछ एरिया में पाइपलाइन नहीं है। इस एरिया में पानी के टैंकर भेजे जाते हैं। एक महीने पहले जल संस्थान की मोटर खराब हो गई थी। उसे अभी तक सही नहीं कराया गया है। कंप्लेन के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो सका है। लोगों को 100 से 150 मीटर की दूरी से पानी लाना पड़ता है। इससे नाराज महिलाओं ने मंगलवार दोपहर विरोध प्रदर्शन किया। जल संस्थान के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। वहीं टैगोर नगर, दयालबाग में महिलाओं ने मटका फोड़कर प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय निवासी गीता देवी ने बताया कि जल निगम के अफसरों की लापरवाही के चलते अभी तक पानी नहीं मिल पा रहा है। पुरानी लाइन में कई जगहों पर लीकेज है। नई लाइन बिछाने का कार्य धीमी गति से चल रहा है।

टैंकरों की बढ़ेगी संख्या
मेयर नवीन जैन का कहना है कि शाहदरा और टैगोर नगर में पानी की समस्या की शिकायत मिली है। हर दिन टैंकर समय पर भेजे जाएंगे। जल संस्थान के अफसरों से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।

- बस्ती में पानी की पाइप लाइन है। कई जगहों पर लीकेज होने के कारण ठीक से पानी नहीं मिल पा रहा है।
रमेश चक, खटीक बस्ती, शाहदरा

- हम मेहनत मजदूरी करने वाले लोग हैं। हर दिन 100 मीटर की दूरी से पानी लाना पड़ रहा है।
शकुंतला, खटीक बस्ती, शाहदरा

- पानी का एक टैंकर आता है। इसका भी कोई समय नहीं है। दिन भर बर्तन लेकर इंतजार करना पड़ता है।
उर्मिला, शाहदरा

- पानी की किल्लत लंबे समय से है। कई हैंडपंप भी खराब हैं। टैंकर ठीक से नहीं भेजे जाते हैं।
शांति देवी, शाहदरा
- अफसरों की लापरवाही के कारण पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। जल्द ही मेयर को ज्ञापन दिया जाएगा।
राकेश कुमार, दयालबाग


दो वर्ष के बाद याद आयी इंटरकनेक्ट की
जल निगम को दो वर्ष के बाद भीषण गर्मी में इंटरकनेक्ट की याद आई। दो वर्ष बाद करोड़ों रुपए की लागत से नया अंडरग्राउंड टैंक तैयार कराया गया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी पाइपलाइन को इंटरकनेक्ट नहीं किया गया। बता दें कि जल निगम की वल्र्ड बैक यूनिट द्वारा शाहगंज जोनल पंपिंग स्टेशन में पाइपलाइन को शिफ्टिंग और इंटरकनेक्शन किया जाएगा। इसी के चलते 10 अप्रैल को सिकंदरा वाटर वक्र्स से 20 अप्रैल तक शटडाउन लिया जाएगा। पुराने जोनल स्टेशन की जगह दो वर्ष पहले नया जोनल पंपिंग स्टेशन बनाया गया है। उससे पुरानी पाइपलाइन को इंटर कनेक्शन नहीं किया जा सका है। इसमें बोदला चौराहे से मारुति एस्टेट रोड पर 1100 एमएम की लाइन को,मेन लाइन से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा विनय नगर और बीधा नगर अंडरग्राउंड लाइन को मारुति रेजीडेंसी के पास जोड़ा जाएगा। इस दौरान सिकंदरा के दोनों प्लांट बंद रहेंगे।

इन इलाकों में होती है जलापूर्ति
- खेरिया मोड़
- ख्वासपुरा
- बारह खंबा
- प्रकाश नगर
- गौसपुरा
- विष्णु नगर कॉलोनी
- अर्जुन नगर
- भोगीपुरा
- इन्द्रा कॉलोनी
- दयाल नगर
- पुष्पांजलि धाम
- साकेत कॉलोनी


नया टैंक बनने के बाद नहीं हो सकी शिफ्टिंग
गंगाजल इकाई द्वारा दो साल पहले नया अंडरग्राउंड टैंक तैयार किया गया है। 5200 किलोलीटर का टैंक में अभी तक लाइनों को शिफ्ट नहीं किया जा सका है। अभी ये काम किया जा रहा है। बता दें कि पुराने टैंक में 2 50 एचपी की मोटर हैं और 3 मोटर 100 एचपी की मोटर है। वहीं नए टैंक में 2 मोटर 50 एचपी की और दो 100 एचपी की मोटर हैं। इसमें 50 एचपी की मोटर खराब है।

Posted By: Inextlive