-त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का आज होगा अंतिम प्रकाशन

-त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सूची

आगरा: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। पुनरीक्षण अभियान के बाद सूची में 89,235 मतदाता बढ़ गए हैं। जिले में अब कुल 19,96,458 मतदाता हो गए हैं जोकि आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को होगा।

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के लिए 15 सितंबर से पुनरीक्षण अभियान शुरू हुआ था। 1470 बीएलओ (बूथ लेवल आफीसर) ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया। अभियान के बाद 20,17,584 मतदाताओं की सूची का ड्राफ्ट तैयार किया गया। इसमें 2,54,787 मतदाताओं के नाम जोड़े तथा 1,44,426 मतदाताओं के नाम सूची में से हटाए गए। इसके बाद मतदाता सूची के संबंध में आमंत्रित की गईं आपत्तियों के समाधान तथा पांच ग्राम पंचायतों के नगर निगम सीमा में शामिल होने के बाद ड्राफ्ट सूची में से 21,126 मतदाताओं के नाम कट गए। पंचायत चुनाव के लिए अब अंतिम रूप से 19,96,458 मतदाताओं की सूची तैयार हो चुकी है।

खंदौली में बढ़े सबसे अधिक मतदाता

पुनरीक्षण अभियान के दौरान सबसे अधिक मतदाता खंदौली ब्लाक में बढ़े हैं। यहां 9,031 मतदाता बढ़े हैं। वहीं, सबसे कम मतदाता पिनाहट ब्लाक में बढ़े हैं। यहां सिर्फ 2,380 नए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़ सके हैं।

अंतिम रूप से तैयार मतदाता सूची

ब्लाक मतदाता

एत्मादपुर 1,27,125

खंदौली 1,39,828

बिचपुरी 1,24,165

बरौली अहीर 2,00,704

अकोला 1,35,074

फतेहपुर सीकरी 1,20,847

अछनेरा 1,44,681

खेरागढ़ 1,22,580

जगनेर 88,145

सैंया 1,28,589

फतेहाबाद 1,59,404

शमशाबाद 1,65,143

बाह 1,29,815

पिनाहट 1,08,689

जैतपुर कलां 1,01,669

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार कर ली गई है। इस सूची का 22 जनवरी को अंतिम प्रकाशन होगा।

निर्मला फौजदार, सहायक निर्वाचन अधिकारी, पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव

Posted By: Inextlive