- 55 घंटे की बंदी में शनिवार को आवश्यक वस्तुओं की सुचारु रही आपूर्ति

- बेवजह बाहर निकलने वालों के हुए चालान

आगरा : कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए 55 घंटे की साप्ताहिक बंदी में शनिवार को बाजारों में खामोशी रही। मगर, शहर की सड़कों पर लोगों की चहलकदमी दिखाई दी। लोग बहानों से घर से बाहर निकलते रहे। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु रही।

मोतीगंज, दरेसी, सुभाष बाजार, किनारी बाजार, रावतपाड़ा थोक बाजार में सन्नाटा रहा। शहर के अन्य बाजार भी बंद रहे। हालांकि गली-मुहल्लों में चोरी-छिपे कुछ दुकानें खुली रहीं। सड़कों पर लोगों की आवाजाही जारी रही। सुबह से लेकर शाम तक लोग वाहनों पर निकलते रहे। रामबाग, कमलानगर, विजय नगर, न्यू आगरा, आवास विकास, शाहगंज, कैंट आदि स्थानों पर बंदी जैसा नजर नहीं आया। एमजी रोड पर जरूर सख्ती रही। जगह-जगह पुलिस ने बैरियर लगा रखे थे, पर लोगों का आवागमन हो रहा था। मगर, हर आने-जाने वालों को रोककर बाहर निकलने का कारण पूछा जा रहा था। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी लोगों का आवागमन हो रहा था। कुछ लोग आवश्यक कार्य से बाहर निकले थे। बिना वजह बाहर घूम रहे लोगों के पुलिस ने चालान भी काटे।

सब्जी, दूध की नहीं हुई किल्लत

बंदी के दौरान सब्जी, फल और दूध की परेशानी नहीं हुई। सुबह से लेकर शाम तक गली-मुहल्लों में सब्जी और फल वाले आते रहे। मेडिकल शॉप भी खुली रहीं। दूधिया भी लोगों के घर पहुंचे।

Posted By: Inextlive