- शहर के पॉश एरिया कमलानगर के कावेरी कुंज की घटना

- घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एडीजी, आईजी

- बच्चों पर भी किए चाकू से प्रहार, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

आगरा। शहर के पॉश एरिया में डॉक्टर की हत्या से सनसनी फैल गई। कमलानगर के कावेरी कुंज-1 में शुक्रवार दोपहर घर में घुसकर महिला डॉक्टर की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई। घर में मौजूद दो बच्चों पर भी हत्यारोपी ने चाकू से प्रहार किए। हत्यारोपी डिश सही करने आया था। सनसनीखेज वारदात पर आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों की मानें तो हत्या लूट के लिए की गई है।

डॉक्टर से की मारपीट

कमलानगर के कावेरी कुंज-1 के रहने वाले डॉ। अजय सिंघल प्लास्टिक सर्जन हैं। पत्नी डॉ। निशा सिंघल डेंटिस्ट हैं। डॉ। निशा सिंघल शुक्रवार को अपने दो बच्चों के साथ घर पर थीं। पति डॉ। अजय हॉस्पिटल गए हुए थे। इस दौरान टीवी को रिचार्ज कराने और केबिल को सही कराने के लिए शुभम नामक ऑपरेटर को फोन कर घर बुलाया। दोपहर करीब 3.30 बजे बाइक से शुभम घर पहुंचा। शुभम ने तीन मंजिला कोठी में बच्चों को डरा-धमकाकर कमरे में बंद कर दिया। महिला डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद महिला डॉक्टर का चाकू से गला रेत दिया।

बच्चों को मृत समझकर छोड़ा

हत्यारे ने बेटी एनीश (8) और बेटा अभ्युदय (4) पर भी चाकू से प्रहार किए। बच्चों के बेहोश होने से दोनों का मरा समझकर मौके से फरार हो गया। शाम साढ़े पांच बजे होश आने पर बच्चों ने डॉ। अजय सिंघल को जानकारी दी। जब वे घर पहुंचे तो ड्रॉइंग रूम में पत्नी को खून से लथपथ देख उनके होश उड़ गए। चाकू से उनका गला रेता गया था। शरीर पर भी घाव थे। दोनों बच्चों का ख्याल आते ही वे ऊपर के कमरे की ओर दौड़े। कमरे में दोनों बच्चे सहमे हुए मिले। दोनों के गले में भी चाकू के निशान थे। बेटी के गले में गहरा घाव था, जबकि बेटे के खरोंच थी। डॉ। अजय तीनों को लेकर रवि अस्पताल आ गए। यहां पत्नी को मृत घोषित कर दिया। बच्चों का उपचार किया जा रहा है।

एक घंटे घर में रहा हत्यारा

हत्यारा करीब एक घंटे तक घर में रुका। सीसीटीवी फुटेज में हत्यारोपी दोपहर करीब 3.30 बजे घर में घुसते हुए दिख रहा है। जबकि शाम 4.30 बजे वह घर से बाहर निकलकर गया है। बच्चों ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले शुभम ने केबिल टीवी लगाई थी। वह घर आता-जाता रहता था। मम्मी को उसने ही चाकू से मारा है। हम दोनों पर चाकू मारा। हम बेहोश होने का नाटक कर लेटे रहे। इसके बाद हमारे कमरे से चला गया।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

एडीजी अजय आनंद, आईजी ए। सतीश गणेश, एसपी सिटी बौत्रे रोहन प्रमोद, एएसपी सौरभ दीक्षित तीन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पुलिस ने महिला डॉक्टर के मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस घर के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर साक्ष्य जुटाने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि दो महीने पहले ही कमलानगर थाने को शुरू किया गया था। इससे पहले एक साइकिल कारोबारी ललित काठपाल को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश 40 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे।

लूट के लिए हत्या की गई है। कितनी कीमत का सामान लूटा गया है, इसकी पड़ताल की जा रही है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। हत्यारोपी की पहचान हो गई है। उसकी गिरफ्तारी जल्द हो जाएगी।

- अजय आनंद, एडीजी

Posted By: Inextlive