- परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही थी महिला

- महिला के बेटे ने प्रेमी और उसके भाई के खिलाफ लिखाया मुकदमा

आगरा: एत्माद्दौला के विद्या नगर में महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। अपने परिवार को छोड़कर पांच वर्ष से महिला प्रेमी और उसके भाई के साथ रह रही थी। महिला के बेटे ने प्रेमी और उसके भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमी के साथ रह रही थी महिला

एत्माद्दौला के विद्या नगर में रविवार शाम को 40 वर्षीय पुष्पा का शव घर में चारपाई पर मिला था। वह मथुरा में बल्देव के कचनाऊ गांव निवासी मुकेश के साथ रह रही थी। मुकेश खुद को महिला का पति बता रहा था। साथ में रहने वाला मुकेश का भाई राजपाल फरार था। पुलिस को उसी पर हत्या का शक था। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि पुष्पा के बारे में छानबीन करने पर पता चला कि उसका मायका बिचपुरी, जगदीशपुरा में है। उसकी शादी बल्देव के गांव सहीराम की गढ़ी निवासी धर्मवीर के साथ हुई थी। पुष्पा के चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी 23 साल की है। बेटा सूरज पलवल में हलवाई का काम करता है। पांच साल पहले मुकेश उसे प्रेम जाल में फंसाकर अपने साथ ले आया। दोनों विद्यानगर में रहने लगे। तभी से पुष्पा के परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। मुकेश के भाई राजपाल की नीयत भी पुष्पा पर खराब थी। पुष्पा की गला घोंटकर हत्या करने के बाद वह फरार हो गया। पुष्पा का बेटे सूरज ने सोमवार को एत्माद्दौला थाने में मुकेश और राजपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके भाई राजपाल की तलाश की जा रही है।

Posted By: Inextlive