नगर निकाय चुनावों को लेकर बीते कुछ महीनों से चल रही असमंजस अब समाप्त हो गई है. मेयर का पद तीसरी बार अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हुआ है. 17 वर्ष बाद अनुसूचित जाति महिला को मौका दिया गया है.

आगरा(ब्यूरो)। अब चुनावी माहौल ने अलग ही करवट ले ली है। गुरुवार को आरक्षण सूची जारी होने के साथ ही भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस, आप दावेदारों की सूची तैयार करने में जुट गए। उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट के आधार पर जारी की गई मेयर पद की आरक्षण सूची में बदलाव के कयास लगाए जा रहे थे। मेयर पद पिछड़ा वर्ग के साथ अनारक्षित होने की उम्मीद थी लेकिन मेयर पद के आरक्षण में दिसंबर 2022 में जारी की गई सूची में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 1989 में पहली बार सामान्य सीट पर भाजपा के रमेशकांत लवानियां मेयर बने थे। इसके बाद से दो बार महिला मेयर बनीं, अब तीसरी बार महिला मेयर बनेंगी। अभी तक छह मेयर चुने गए हैं, ये सभी भाजपा से मेयर बने हैं।

निकायों के आरक्षण में भी तब्दीली
आगरा नगर निगम के अलावा जिले के 13 नगर निकायों में भी आरक्षण की सूची जारी हुई है। नई सूची ने समीकरणों को फिर से बदल दिया। दिसंबर में जारी अधिसूचना में जो आरक्षण तय किया गया था, वह बदल गया है। अब जिले के 13 निकायों में से पांच सामान्य होंगे, जबकि साल 2017 के आरक्षण में जिले के सात नगर निकाय अनारक्षित थे। खास पहलू ये है कि पिछड़ा वर्ग के लिए दिसंबर में पांच निकाय आरक्षित थे, अब उनकी संख्या चार रह गई है।

6 अप्रैल तक कर सकेंगे आपत्ति
नगर विकास अनुभाग के विशेष सचिव उदयभान त्रिपाठी की ओर से आरक्षण की सूची जारी की गई है। दिसंबर में जारी की गई अधिसूचना में आगरा मेयर पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया था। इस सूची में भी यह बरकरार है। कई राजनेता पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित होने की उम्मीद लगाए थे।

चार निकायों में दोहराया गया आरक्षण
आगरा जिले के 13 नगर निकायों में से चार नगर निकायों में साल 2017 के आरक्षण को ही दोहरा दिया गया। इनमें जगनेर सीट अनारक्षित रहेगी, नगर पंचायत दयालबाग अनारक्षित, नगर पालिका एत्मादपुर पिछड़ा वर्ग के लिए और नगर पालिका बाह अनारक्षित रहेगी। दिसंबर में जगनेर को पिछड़ा वर्ग महिला, दयालबाग को महिला, बाह को महिला और एत्मादपुर को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया था।


यह रही है आगरा में मेयर पद की स्थिति
वर्ष, आरक्षण की स्थिति, मेयर, पार्टी
1989, अनारक्षित, रमेशकांत लवानियां, भाजपा
1995, अनुसूचित जाति महिला, बेबीरानी मौर्य, भाजपा
2000, अनुसूचित जाति, किशोरी लाल माहौर, भाजपा
2006, अनुसूचित जाति महिला, अंजुला ङ्क्षसह माहौर, भाजपा
2012, अनुसूचित जाति, इंद्रजीत आर्य, भाजपा
2017, अनारक्षित, नवीन जैन, भाजपा
2023, अनुसूचित जाति महिला

Posted By: Inextlive