- शहर के 25 हजार से ज्यादा लोग दिल्ली में कर रहे हैं जॉब

- परिवार के सदस्यों को सता रही उनकी चिंता

- किसी का पति तो किसी का बेटा दिल्ली में रह रहा

आगरा। दिल्ली में कोरोनावायरस का संक्रमण अब फिर से जोर पकड़ा रहा है। वहां पर डेली पांच हजार से ज्यादा लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हो रही है। इसके साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। इसका असर आगरा में पड़ रहा है। दिल्ली में कोरोना बढ़ने से आगरा के लोगों की धड़कनें बढ़ गई हैं। ऐसे परिवार ज्यादा परेशान हो रहे हैं, जिनके फैमिली मेंबर्स दिल्ली-एनसीआर में जॉब कर रहे हैं। उन्हें डर है कि कोरोना का संक्रमण उनके परिवार को सदस्यों तक न पहुंच जाए। एक अनुमान के मुताबिक आगरा के 25 हजार से अधिक लोग दिल्ली-एनसीआर में जॉब करते हैं।

दिल्ली में मिल रहे रिकॉर्ड पेशेंट्स

दिल्ली में नवंबर के महीने में कोरोनावायरस ने तेजी पकड़ ली है। छह से सात हजार रोज कोरोना संक्रमण के केस सामने आ रहे हैं। दिल्ली में मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में 17, 18 और 19 नवंबर को देश भर में सर्वाधिक मामले और मौतें दर्ज की गई थीं। दिल्ली में कोरोना के कुल केस 523117 तक पहुंच गए हैं। जबकि मौतों की तादाद 8270 तक पहुंच गई है।

आगरा में तेज होने लगी है कोरोना की रफ्तार

आगरा में भी अब कोरोनावायरस की रफ्तार तेज होने लगी है। अक्टूबर के महीने में जहां डेली 35 से 40 पेशेंट्स में कोरोनावायरस का संक्रमण मिल रहा था। अब यह संख्या 70 से 80 पहुंच गई है। साथ में डेली लगभग एक मौत भी हो रही है। एक्सप‌र्ट्स का मानना है कि दिल्ली की तर्ज पर आगरा में कोरोना का संक्रमण बढ़ सकता है। इसको देखते हुए आगरा के प्रशासन ने भी सख्ती शुरू कर दी है। मास्क न पहनने पर पुलिस चालान कर रही है और शादी सहित अन्य गैदरिंग पर भी अब 100 लोगों की पाबंदी लगा दी है।

वर्जन

मेरे पति दिल्ली में जॉब करते हैं और वहीं रहते हैं। लॉकडाउन के बाद वे दोबारा से दिल्ली चले गए थे। पहले चीजें सामान्य हो गई थीं, तब तक तो ठीक था। लेकिन अब वहां पर कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। ऐसे में हमें चिंता सताने लगी है।

-नेहा

मेरा भाई दिल्ली एनसीआर में जॉब करता है। लॉकडाउन के दौरान भी वो वहीं फंस गया था। अब वहां पर दोबारा से कोरोनावायरस के संक्रमण ने तेजी पकड़ ली है। वहां पर लॉकडाउन लगाने की भी चर्चा हो रही है। ऐसे में फैमिली में चिंता का माहौल है।

- रविंद्र

मेरा छोटा भाई दिल्ली में रहता है, वह वहां पर जॉब कर रहा है। आम दिनों में वो महीने में दो बार घर आ जाता था। लेकिन कोविड आने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से नहीं आता है। लेकिन अब दिल्ली में कोरोना की रफ्तार बढ़ रही है, ऐसे में घर पर मां सहित सभी लोगों की चिंता बढ़ गई है।

-अमित

बढ़ रहा कोरोना

आगरा दिल्ली

22 नवंबर 71 5879

21 नवंबर 76 5879

20 नवंबर 65 6608

19 नवंबर 67 7546

18 नवंबर 57 7486

Posted By: Inextlive