31 अगस्त तक डीएम कार्यालय में पहुंची 81 आपत्तियां, आपत्तियों का निस्तारण बनी चुनौती

एक सप्ताह में होना है निस्तारण, कोर्ट में चैलेंज करने की तैयारी में भी हैं कई पार्षद

ALLAHABAD: हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार को नवंबर तक नगर निकाय चुनाव संपन्न कराने का आदेश दिया है। वहीं इलाहाबाद में अभी तक वार्डो का परिसीमन ही नहीं हो सका है। बार-बार परिसीमन बदला जा रहा है। नोटिफिकेशन के बाद एक बार फिर इसमें फेरबदल हो सकता है।

नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से जनसंख्या के आधार पर शहर के 80 वार्डो की परिसीमन रिपोर्ट शासन को भेजी गई। 24 अगस्त को प्रदेश सरकार ने परिसीमन को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया। इस पर आपत्ति मांगते हुए एक सप्ताह का मौका दिया गया। इस पर करीब 81 आपत्तियां जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची हैं। इनका निस्तारण अब जिलाधिकारी की जिम्मेदारी है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके आधार पर फाइनल नोटिफिकेशन जारी होगा।

कटघर वार्ड पर अधिक आपत्ति

नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा तैयार किए गए नए परिसीमन में सबसे अधिक आपत्ति कटघर वार्ड को लेकर पहुंची है। लोगों ने कटघर वार्ड का अस्तित्व ही समाप्त किए जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे राजनीतिक द्वेष का मामला बताया है। पुराने शहर के एक बड़े व चर्चित वार्ड को खत्म कर उसकी आबादी को मुट्ठीगंज भाग-2 में शामिल किए जाने का विरोध किया गया है।

आपत्ति- 1

वार्ड 25 भारद्वाजपुरम से वार्ड 33 गंगा नगर काफी दूर है। वार्ड की बाउण्ड्री को क्रास कर 33 में मिला दिया गया। शासनादेश है कि नदी, नाला, बांध आदि एरिया को क्रास कर किसी वार्ड को मिलाया नहीं जा सकता।

शिवसेवक सिंह

निवर्तमान पार्षद

वार्ड 25 भारद्वाजपुरम

आपत्ति-2

परिसीमन के पहले तक अल्लापुर का डडि़या मोहल्ला वार्ड 42 यानी गंगानगर में था। इसे अब वार्ड 19 में दर्शा दिया गया है, जो पूरी तरह से गलत है। इस पर सुधार करना चाहिए।

शिवसेवक सिंह

निवर्तमान पार्षद

आपत्ति-3

पुराने शहर का कटघर मोहल्ला अपने आप में चर्चित वार्ड है। इसे नए परिसीमन में खत्म कर दिया गया है। बड़े वार्ड को खत्म कर आबादी को मुट्ठीगंज भाग-2 में मिला दिया गया है, जो पूरी तरह से गलत है।

पूर्व पार्षद कमलेश सिंह, रामबाबू अग्रहरि, उमेश जायसवाल

वर्जन-

शासन स्तर से परिसीमन का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद लोगों से आपत्ति मांगी गई थी। 31 अगस्त तक डीएम कार्यालय में कुल 81 आपत्तियां पहुंची हैं। निस्तारण जिलाधिकारी की टीम को करना है। निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।

संजय कुमार सिंह

अपर नगर आयुक्त

नगर निगम, इलाहाबाद

Posted By: Inextlive