आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह

आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर साधा निशाना

ALLAHABAD: प्रदेश की भाजपा सरकार सपा की पार्ट टू सरकार की तरह काम कर रही है। अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। हत्या, दुष्कर्म और दंगों में चार गुना तक बढ़ोत्तरी हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने यह बात कही। शुक्रवार को शंकर लाल मेमोरियल हाल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कहा कि ढाई महीने हो गए हैं योगी सरकार को बने हुए। उन्होंने प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने का वादा किया था। लेकिन हालात उल्टे हो गए हैं। 40 दिन से सहारनपुर दंगे की आंच में झुलस रहा है। टोल प्लाजा पर उसी तरह गुंडागर्दी हो रही जिस प्रकार सपा सरकार में होती थी। भाजपा नेता अधिकारियों को धमका रहे हैं तो महिला दरोगा से दुश्कर्म हो रहा है। एंटी रोमियो दल के नाम पर भाई बहनों का शोषण किया जा रहा है। भाजपा धर्म के नाम पर नफरत फैला रही है।

कोर्ट करे हस्तक्षेप

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को इसमें हस्तक्षेप करना होगा, नहीं तो देश में विकट परिस्थिति उत्पन्न हो जाएगी। दिल्ली के आप विधायक कपिल मिश्रा को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछ गए सवाल पर प्रदेश प्रभारी ने कहाकि कपिल शर्मा कॉमेडी शो की तरह ही कपिल मिश्रा शो भी है। मोदी सरकार के तीन साल पूरे हो गए लेकिन अभी तक व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपए नही आए। बेरोजगारों को नौकरी नही मिली।

Posted By: Inextlive