-शहर में कोरोना का कहर, एसआरएन में भर्ती दो मरीजों ने दम तोड़ा

-19 को किया गया डिस्चार्ज, लगातार बढ़ रही पाजिटिव की संख्या

PRAYAGRAJ: शहर में कोरोना का कहर बरस रहा है। गुरुवार को 52 नए संक्रमित आने के बाद शुक्रवार को फिर 49 मामलाों ने दस्तक दी है। इस तरह से दो दिनों में संक्रमण का शतक लग चुका है। इससे लोगों में डर बैठने लगा है। इस बीच एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती दो मरीजों की कोरोना से मौत हो गई। इनमें एक बुजुर्ग और दूसरा 45 साल का व्यक्ति था। राहत की बात रही कि 19 मरीजों को डिस्चार्ज कर घर भ्ेाज दिया गया।

जानलेवा हो रहा कोरोना

जसरा के रहने वाले 75 साल के व्यापारी को एक दिन पहले ही एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। शुक्रवार को उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। नोडल कोविड एसआरएन डॉ। सुजीत कुमार वर्मा ने बताया कि बुजुर्ग को हार्ट की प्रॉब्लम थी। इसकी वजह से निमोनिया ने मरीज को अपनी चपेट में ले लिया था। इसके चलते बुजुर्ग व्यापारी की शुक्रवार को कोरोना से मौत हो गई। इसी तरह 3 जुलाई को झलवा केरहने वाले 45 साल के व्यक्ति को एसआरएन में भर्ती कराया गया था। उनको डायबिटीज की प्राब्लम थी। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार को उनकी भी मौत हो गई। इस तरह से जिले में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।

दो दिन में 102 मरीज

कोरोना पॉजिटिव मिलने के मामलों में तेजी बनी हुई है। शुक्रवार को मरीजों की संख्या 500 का आंकड़ा पार कर गई। महज दो दिनों में 102 मरीजों ने दस्तक दी है। इनमें से गुरुवार को 52 और शुक्रवार को 49 मरीजों ने दस्तक दी। जिसमें से 40 मरीज आरटीपीसीआर, 5 मरीज ट्रूनेट मशीन और 4 मरीज एंटीजेन टेस्ट से चिन्हित किए गए हैं। मरीजों की संख्या में तेज इजाफे से प्रशासन के माथे पर भी बल पड़ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की संक्रमण को रोकने की पुरजोर कोशिश नाकाफी साबित हो रही है।

घर जाने वालों की बढ़ी संख्या

कोटवा हॉस्पिटल के नोडल डॉ। वीके मिश्रा ने बताया कि उनके यहां से चार मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। जबकि एसआरएन हॉस्पिटल से एक दिन में 15 मरीज घर भेजे गए। जिस तेजी से मरीज बढ़ रहे हैं। डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की यही रफ्तार रही तो लोगों के दिल से कोरोना का डर खत्म हो सकता है।

मरीजों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। लोगों को जागरुक होना होगा। अगर उनकी लापरवाही ऐसे ही चलती रही तो स्थिति अधिक बिगड़ सकती है। बिना देरी किए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन शुरू होना चाहिए।

-डॉ। ऋषि सहाय, नोडल, कोविड 19 प्रयागराज

Posted By: Inextlive