-कोर्ट के आदेश पर रिमांड पर मिला था अजीम खालिद उर्फ अशरफ

-पुलिस ने रातभर की लाइसेंसी असलहा बरामद करने के लिए छापेमारी

-असलहा बरामद करने के नाम पर ही पुलिस कोर्ट से लिया था रिमांड पर

PRAYAGRAJ: पुलिस द्वारा रिमांड पर लिए गए अशरफ ने पिस्टल का राज कबूल लिया है। उसकी लापता पिस्टल पुलिस को मिल गई है। पिस्टल की बरामदगी तालिब उर्फ एसपी सिटी के घर से की गई। पुलिस द्वारा शातिर 'एसपी सिटी' को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। तालिब उर्फ एसपी सिटी माफिया अतीक अहमद गैंग आईएस 227 का सक्रिय मेंबर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व लूट जैसे विभिन्न धाराओं में दर्जनभर से अधिक मुकदमे हैं। सारे मुकदमे धूमनगंज थाने में दर्ज हुए हैं।

फरारी के पूर्व दी थी पिस्टल

माफिया अतीक अहमद के खास गुर्गो में तालिब उर्फ एसपी सिटी भी शामिल था। अतीक द्वारा बांटी गई सर्किल में इसके हिस्से पूरा शहर आया था। पांच जनवरी 2005 को बसपा विधायक राजू पाल की हत्या हुई। मामले में राजूपाल की पत्नी पूजा पाल द्वारा अतीक व अशरफ समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। अशरफ तीन साल से पुलिस को चकमा देकर भागा-भागा फिर रहा था। पकड़ में न आने के कारण पुलिस द्वारा उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। यह इनाम बढ़ाकर ढाई लाख किए जाने के लिए शासन को फाइल भेजी गई थी। पुलिस उसे खोजती रही और वह ससुराल में मेहमाननवाजी करवाता रहा।

ससुराल से गिरफ्तार हुआ था अशरफ

एसएसपी के रूप में जिले की कमान संभालने के बाद अभिषेक दीक्षित ने मिशन अशरफ शुरू कर दिया। सर्विलांस सेल प्रभारी व एसओ शाहगंज बृजेश सिंह को इस बीच भनक लगी कि वह ससुराल में है। हालांकि इसके पूर्व सीओ सिविल लाइंस के नेतृत्व में टीम उसकी ससुराल से तीन बार खाली हाथ लौट चुकी थी। बहरहाल हाल ही में कौशांबी कोटवा स्थित ससुराल से एक लाख का इनामी अशरफ गिरफ्तार किया गया। हालांकि उसकी पिस्टल बरामद नहीं हुई थी। रिमांड पर लिए जाने के बाद अशरफ ने पुलिस को बताया कि उसकी पिस्टल तालिब उर्फ एसपी सिटी निवासी मरियाडीह धूमनगंज के पास है। इस पर रात में छापेमारी कर पुलिस ने तालिब को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली। गिरफ्तार किए गए तालिब उर्फ एसपी सिटी को भी पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

तालिब उर्फ एसपी सिटी माफिया अतीक अहमद गैंग का सक्रिय सदस्य था। फरारी के पहले अशरफ इसी को अपनी पिस्टल दे रखा था। रिमांड पर लिए गए अशरफ ने यह बात कबूल की तो तालिब के घर से पिस्टल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

-दिनेश सिंह, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive