-प्रभु यीशु के जन्मदिन की खुशियों से सराबोर हुई संगम नगरी

-सिटी के सभी चर्च में हुई विशेष प्रार्थना और बाइबिल पाठ

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: दुनिया को प्रेम और दया का संदेश देने वाले प्रभु यीशु के जन्मदिन की खुशियों की बहार शुक्रवार सुबह से ही हर तरफ बिखरने लगी। मसीही समुदाय ही नहीं, बल्कि हर वर्ग के लोगों का उत्साह ठंड और कोरोना महामारी पर भारी पड़ता दिखा। गुरुवार की मध्य रात्रि सभी चर्च में यीशु का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद शुक्रवार को विशेष प्रार्थना सभा का आयेाजन हुआ। प्रार्थना के बाद पादरियों ने बाइबिल का पाठ किया और प्रभु यीशु के संदेश को विस्तार से बताया। साथ ही लोगों को प्रभु के संदेश को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद केक काटकर लोगों ने प्रभु यीशु के जन्मदिन को सेलिब्रेट किया।

कैरल सिंगिंग से शुरुआत

कैथलिक मसीही समाज के प्रमुख चर्च सेंट जोजफ चर्च में क्रिसमस के अवसर पर विशेष प्रार्थना हुई। इसके बाद कैरल सिंगिंग के जरिए यीशु के आगमन की खुशी मनाई गई। बिशप डॉ। राफी मंजली ने बाइबिल का पाठ करकेप्रभु मसीह के प्रेम, करुणा, समर्पण व सेवा का संदेश दिया। चर्च के पादरी फादर हेरल्ड टोरो ने कहा कि यीशु ने स्वयं कष्ट सहकर मानवता की रक्षा की थी। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए लोगों की भलाई के सदैव कार्य करना चाहिए। प्रोटेस्टेंट मसीही पत्थर गिरजाघर में प्रार्थना करने पहुंचे। डायोसिस आफ लखनऊ के बिशप डॉ। पीटर बलदेव ने बाइबिल का पाठ करके यीशु के जन्म का महत्व पर चर्चा की। म्योराबाद स्थित सेंट जांस चर्च में पादरी प्रवीण मैसी ने प्रार्थना कराकर यीशु के जन्म की खुशियों का संदेश दिया। इसी प्रकार जमुना चर्च में पादरी एम। डिकोस्टा, होली ट्रीनिटी चर्च में पादरी मनीष जैदी ने प्रार्थना कराई और लोगों को प्रभु के संदेश के बारे में जानकारी देते हुए उसे आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

हाथ जोड़कर दूर से दी बधाई

क्रिसमस पर बधाई देने का सिलसिला दिनभर चला। खास बात यह रही कि कोरोना संक्रमण के कारण मसीही एक-दूसरे के गले नहीं लगे। दूर से हाथ जोड़कर एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। जो मसीही दूसरे शहरों में थे उन्हें फोन कॉल और वीडियो कॉल के जरिए बधाई दी गई।

पार्क से लेकर मॉल व रेस्टोरेंट में लगी भीड़

इस मौके पर सिटी के विभिन्न पार्को से लेकर रेस्टोरेट, मॉल आदि में भी पूरे दिन लोगों भीड़ जुटी रही। रेस्टोरेंट में लोगों ने अपने परिवार के साथ डिनर किया और क्रिसमस को सेलिब्रेट किया।

Posted By: Inextlive