-शराब के नशे में सुबह हुए विवाद की चर्चा के बाद हुई हाथापाई के दौरान मारा चाकू

-गिरफ्तार किए गए आरोपित विकास ने पुलिस के सामने कबूल की कत्ल की वजह

PRAYAGRAJ: कीडगंज में हुई रवि निषाद की हत्या उसके दोस्त ने ही की थी। इलेक्ट्रीशियन रवि ने उसका एक खराब पंखा बनाया था। बकाए के 60 रुपये को लेकर सुबह दोनों में कहासुनी हुई थी। शाम को दोनों कुछ अन्य दोस्तों के साथ घर से निकले। दारू की बोतल लेकर सभी पीने बैठ गए। इस बीच सुबह हुए विवाद की बात छिड़ गई। दोनों एक दूसरे से विवाद को लेकर चर्चा करते लगे। बात फिर हॉट-टॉक में बदल गई। देखते ही देखते हाथा-पाई शुरू हो गई। इस बीच पास रवि के धक्के से आरोपित दोस्त पास में रखे काउंटर पर गिर गया। काउंटर पर गिरते ही उसमें रखी एक चाकू जमीन पर गिर गई। दोस्त ने उसी चाकू को उठा कर रवि को मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। यह बातें खुद पकड़े गए कत्ल के आरोपित विकास ने कबूल की। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

कीडगंज हुई हत्या का खुलासा

रवि निषाद कीडगंज के तम्बाकू वाली गली निवासी जगदीश प्रसाद के तीन बेटों में दूसरे नंबर का था। पेशे से वह इलेक्ट्रीशियन था। तीन दिन पूर्व उसकी हत्या हुई थी। बॉडी रामबाग स्थित विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के ग्राउंड में कार्नर पर स्थित पेड़ के नीचे मिली थी। मामले में पिता की तहरीर पर दो लोग नामजद किए गए थे। इसमें नईबस्ती कीडगंज निवासी विकास पटेल पुत्र सीताराम का भी नाम शामिल था। पुलिस द्वारा विकास को गिरफ्तार किया गया तो कत्ल के सारे राज सामने आ गए। पूछताछ में उसने बताया कि बात कोई खास नहीं थी। सुबह पंखा बनाने के बकाए 60 रुपये को लेकर विवाद था। दोनों में अच्छी खासी दोस्ती थी। शाम को शराब पीते समय सुबह के विवाद की कहानी छिड़ गई। तब तक सभी नशे में हो गए थे। हाथा-पाई के दौरान वहीं पड़ी एक चाकू पर नजर गई। उसी चाकू से नशे और गुस्से में उस पर हमला कर दिया। इसी के चलते उसकी मौत हो गई। गिरफ्तार आरोपित को कोर्ट में पेश कर कीडगंज पुलिस ने जेल भेज दिया।

कत्ल के आरोपित को गिरफ्तार किया गया तो पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर ली गई है। दोनों में अच्छी खासी दोस्ती थी। नशे में हुए विवाद की वजह से आरोपित ने घटना को अंजाम दिया।

-अनुपम शर्मा, प्रभारी निरीक्षक कीडगंज

Posted By: Inextlive