-लेबर ऑफिस कलेक्ट कर रहा बाहर से आने वालों का डेटा -अभी आ रहे हैं लोग सवा लाख श्रमिकों के खाते में गया है पैसा PRAYAGRAJ: कोरोना संक्रमण के दौर में डेढ़ लाख लोग जिले में दस्तक दे चुके हैं. यह डेटा लेबर ऑफिस के पोर्टल पर दर्ज हो चुका है. इनमें बूढ़े जवान बच्चे और महिलाएं शामिल हैं. सरकार ने अभ

-लेबर ऑफिस कलेक्ट कर रहा बाहर से आने वालों का डेटा

-अभी आ रहे हैं लोग, सवा लाख श्रमिकों के खाते में गया है पैसा

PRAYAGRAJ: कोरोना संक्रमण के दौर में डेढ़ लाख लोग जिले में दस्तक दे चुके हैं। यह डेटा लेबर ऑफिस के पोर्टल पर दर्ज हो चुका है। इनमें बूढ़े, जवान, बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। सरकार ने अभी नया आदेश नहीं दिया है। केवल बाहर से आने वालों का डेटा एकत्र करने को कहा है। लेबर ऑफिस के अधिकारियों का कहना है कि अभी यह संख्या बढ़ने के पूरे आसार हैं। क्योंकि बहुत से लोग अभी भी अपने वाहनों से आकर होम क्वारंटीन हो रहे हैं।

अभी चलता रहेगा सिलसिला

लेबर ऑफिस में लॉकडाउन के बाद पंजीकृत मजदूरों के खाते में पैसे भेजने का काम तेजी से चल रहा है। साथ ही बाहर से आने वालों का डेटा भी मेंटेन किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक अब तक 144250 लोगों का डेटा विभाग की वेबसाइट पर फीड हो चुका है। यह लोग बस और ट्रेनों से गुजरात, मुंबई, दिल्ली, हरियाणा, मप्र आदि प्रदेशों से आए हैं। इनमें से कइयों का क्वारंटीन पीरियड भी खत्म हो चुका है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह क्रम जारी रहेगा। बहुत से लोग अपने निजी वाहनों से आए हैं और उनकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। हालांकि आपदा विभाग ने ऐसे लोगों की जानकारी एकत्र करने के लिए लेखपालों को तैनात किया हुआ है। वह घर-घर जाकर डेटा एकत्र कर रहे हैं।

छंटनी के बाद होगा रजिस्ट्रेशन

प्रवासी श्रमिकों का लेबर ऑफिस में रजिस्ट्रेशन नहीं किया जा रहा है। इस बारे में सरकार से मिलने वाले आदेश का इंतजार है। क्योंकि जो लोग आए हैं उनमें से अभी छंटनी की जाएगी। आने वालों में व्यापारी, छात्र और प्रोफेशनल्स भी शामिल हैं। इन सबको अलग करने के बाद जो लोग श्रमिक श्रेणी में होंगे उनका रजिस्ट्रेशन विभाग द्वारा किया जा सकता है। हालांकि इन लोगों को अभी नरेगा के तहत सीधे काम दिया जाने लगा है। महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना संक्रमण नहीं थमा तो आने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

लाइव मजदूरों को भेजा जा रहा पैसा

विभाग का दूसरा सबसे बड़ा फोकस पंजीकृत मजदूरों के खाते में एक हजार रुपए की राशि का भुगतान करना है। यह दो माह के लिए की जानी थी। अब तक दो किश्तों में 126624 श्रमिकों को भुगतान किया जा चुका है। इनमें पहली किश्त 66644 और दूसरी किश्त में 59980 मजदूरों के खाते में पैसा भेजा जा चुका है। जबकि विभाग में 1.87 लाख मजदूर रजिस्ट्रेशन हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इनमें से जो लाइव या एक्टिव हैं, उनके खाते में पैसा दिया जा रहा है।

बाल श्रम विरोध दिवस पर जूम मीटिंग

12 जून को बाल श्रम विरोध दिवस को लेकर वृहद जन जागरण अभियान लेबर ऑफिस की ओर से चलाया जाना है। इसमें सरकारी और गैर सरकारी संगठनों की भागीदारी की जाएगी। लेकिन कोविड संक्रमण को देखते हुए इस बार शासन ने जूम ऐप के जरिए मीटिंग और जन जागरण अभियान चलाने की बात कही है। इसको लेकर शुक्रवार को सुबह 11 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।

लॉकडाउन के बाद हमारे पास मल्टी डायमेंशनल वर्क हो रहे हैं। पहला काम प्रवासियों का डेटा कलेक्ट करना है। फिर सरकार का आदेश आने पर रजिस्ट्रेशन होगा। इसके अलावा हम रजिस्टर्ड मजदूरों के खाते में पैसा भी भेज रहे हैं।

-राकेश शुक्ला, डिप्टी लेबर कमिश्नर प्रयागराज

Posted By: Inextlive