-कीडगंज में हमलावरों की पिटाई से घायल पान के दुकानदार की हॉस्पिटल में मौत

-घायल भांजे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया

PRAYAGRAJ: पान बेचकर परिवार पालने वाले महेश केसरवानी की पिटाई से मौत हो गई। कुछ लोगों ने दो दिन पहले उसपर हमला किया था। इस हमले में उसे गंभीर चोटें आई थीं। एसआरएन हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा था। हॉस्पिटल में उपचार के दौरान शुक्रवार भोर में उसकी सांसें थम गई। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। घायल भांजे की हालत खतरे से बाहर है। बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। भांजे अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

कीडगंज एरिया में हुई घटना

महेश करछना के खैरी गांव का निवासी था। वह शहर के कीडगंज के तंबाकू वाली गली में किराए पर रहता था। लेबर चौराहे पर उसकी पान की गुमटी थी। कुछ युवक गुमटी पर अक्सर सामान खरीदते थे। परमानेंट कस्टमर हो गए तो उधारी का सिलसिला भी शुरू हो गया। इस बीच रकम बढ़ने लगी तो महेश पुराना बकाया मांगने लगा। इस बात पर विवाद हुआ तो महेश ने उनकी बाइक रखवा ली। थोड़ी देर बार रुपये देकर वह बाइक लेकर चले गए। मामला शांत हो गया। बताते हैं कि बुधवार को युवक फिर दुकान पर पहुंचे। पहुंचते ही उन्होंने महेश की पिटाई शुरू कर दी। शोर और चीख सुनकर महेश का भांजा अभिषेक भी जा पहुंचा। बचाव में हमलावरों ने अभिषेक को भी पीट दिया। हमले में महेश और अभिषेक दोनों घायल हो गए। इलाज के लिए दोनों को हॉस्पिटल ले जाया गया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान बुधवार भोर महेश की मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। अभिषेक ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ के लिए तीन युवक हिरासत में लिए गए हैं।

मृतक के रिश्तेदार अभिषेक की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। तीन युवक शक के आधार पर हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों मारपीट में घायल हुए थे। महेश की मौत हॉस्पिटल में हुई है।

-दिनेश सिंह, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive