-निजी इंश्योरेंस कंपनी के 14 कर्मचारी मिले संक्रमित, संस्थान सील, बाकी कर्मचारी हुए क्वारंटीन

PRAYAGRAJ: शहर में शुक्रवार को एक ही दिन में 31 कोरोना मरीज मिलने से खलबली मच गई। इनमें से चौदह सिविल लाइंस स्थित एक निजी इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी हैं। यह सभी पूर्व में पाए गए कोरोना पाजिटिव के संपर्क में आए थे। जांच में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के पाजिटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया। आनन फानन में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संस्थान की बिल्डिंग को सील करते हुए बाकी कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया। सभी पाजिटिव कर्मचारियों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

कोरोना के निशाने पर सिविल लाइंस

अभी तक पुराने शहर में कोरोना के मामले में तेजी से सामने आ रहे थे। लेकिन अब शहर के पॉश एरिया में मरीज मिलने से परेशानी बढ़ गई है। खासकर सिविल लाइंस में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लोहिया मार्ग, दयानंद मार्ग, नवाब युसुफ रोड के बाद अब सरदार पटेल मार्ग स्थित इंश्योरेंस कंपनी में दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों के पॉजिटिव मिलने से प्रशासन की दिक्कत बढ़ गई है। इंश्योरेंस कंपनी के आसपास के एरिया को कंटेनमेंट जोन बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

नहीं है कांटैक्ट हिस्ट्री

अभी तक जिले में एक दिन में 31 मरीज सामने नहीं आए थे। इसके पहले एक दिन में सर्वाधिक 23 मरीज मिले थे। शुक्रवार को जो मरीज पाए गए हैं उनमें से दस मरीजों की कांटैक्ट हिस्ट्री गायब है। कुछ ऐसे मरीज भी हैं जिनको सर्दी जुकाम के लक्षण थे और जांच में कोरोना की पहचान हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर कराई जा रही जांच में भी नए मरीज सामने आ रहे हैं। पाए गए मरीजों में चार मरीजों की पुष्टि एंटीजेन टेस्ट के जरिए की गई है। तीन मरीज मुट्ठीगंज के एक ही परिवार से हैं और कोरोना पाजिटिव के कांटेक्ट में आने से संक्रमित हुए हैं।

11 मरीजों को भेजा गया घर

इस बीच कोटवा और एसआरएन हॉस्पिटल से कुल 11 मरीजों को घर भेज दिया गया। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बता दें कि एसआरएन हॉस्पिटल में इस समय 52 और कोटवा में 27 मरीज भर्ती हैं। नए पाए गए 31 मरीजों को दोनों हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जा रहा है।

अभी तक कोरोना के सर्वाधिक मरीज शुक्रवार को सामने आए हैं। हमारी ओर से जांच की संख्या भी बढ़ाई गई है जिससे मरीज अधिक सामने आ रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही संक्रमितों की संख्या कम हो जाएगी।

-डॉ। ऋषि सहाय, नोडल कोविड 19

Posted By: Inextlive