सर्वर स्लो होने से जमा नहीं हो रही व्यापारियों की लाइसेंस फीस

खाते से पैसा कटने के बाद नहीं मिल रही अगली अपडेट

परेशान हैं व्यापारी, खाद्य लाइसेंस बनवाना बना सिरदर्द

allahabad@inext.co.in

ALLAHABAD: खाद्य लाइसेंस बनवाने वाले व्यापारियों को एक और झटका लगा है। पहले वह नेट बैंकिंग की अनिवार्यता से परेशान थे तो इसके बाद सर्वर ने उनकी समस्या को कई गुना बढ़ा दिया है। इसके चलते लाइसेंस आवेदन की प्रॉसेस पूरी नही हो पा रही है। यहां तक कि पैसा खाते से कट रहा है लेकिन शो नही कर रहा। इससे व्यापारियों की दिलों की धड़कनें कई गुना बढ़ गई हैं। उधर, अधिकारियों की मानें तो जल्द इस समस्या को दूर कर दिया जाएगा।

कई दिनों से लटका है लाइसेंस

तकरीबन एक माह पहले उप्र सरकार ने खाद्य लाइसेंस की फीस जमा करने की प्रॉसेस पूरी तरह ऑनलाइन कर दी थी। इससे व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हजारों व्यापारी ऐसे हैं जो अभी नेट बैंकिंग करना नहीं जानते। इनके लिए लाइसेंस की फीस ऑनलाइन जमा करना काफी मुश्किल था। अब पिछले दस दिन से खाद्य सुरक्षा विभाग का पोर्टल भी ढंग से काम नहीं कर रहा है। ऐसे में ऑनलाइन फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही और कई व्यापारियों का लाइसेंस अटककर रह गया है।

तब तक तो उड़ जाते हैं होश

बता दें कि खाद्य लाइसेंस की सालाना फीस दो से पांच हजार रुपए निर्धारित है। इसे अभी तक चालान के जरिए जमा किया जाता था लेकिन अब ऑनलाइन खाते से ट्रंासफर करना पड़ता है। सर्वर स्लो होने से यह हालात हैं कि पैसा व्यापारी के खाते से कट रहा है लेकिन पोर्टल पर शो नहीं कर रहा है। इससे व्यापारियों के होश उड़ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह सर्वर की प्राब्लम है। अगर पैसा जमा नही होता है तो वापस खाते में पहुंच जाता है।

निकल रही रिन्युअल की डेट

जनवरी में हजारों की संख्या में लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन रिन्युअल होने का समय होता है। लेकिन, नेट बैंकिंग के फेर में फीस जमा नहीं होने से सैकड़ों की संख्या में लाइसेंस पेंडिंग होते जा रहे हैं। 11वें से 12वें माह के भीतर रिन्युअल नहीं हुआ तो लाइसेंस आटोमेटिक कैंसिल हो जाता है। अगर सर्वर वापस रफ्तार में नहीं आया तो बड़ी संख्या में व्यापारियों का लाइसेंस रिन्युअल होने के बजाय कैंसिल हो जाएगा।

फैक्ट फाइल

1742- जिले में कुल खाद्य लाइसेंस की संख्या।

10189- कुल खाद्य रजिस्ट्रेशन की संख्या।

पैसा अगर पोर्टल पर शो नहीं कर रहा है तो इसमें परेशानी की कोई बात नहीं है। वह वापस खाते में आ जाता है। व्यापारियों को बता दिया गया है कि जल्द ही सर्वर ठीक हो जाएगा। नए सिस्टम में थोड़ी दिक्कत होती है।

-जगदम्बा प्रसाद मौर्या, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग

Posted By: Inextlive