- बेसिक शिक्षामंत्री ने किया दुग्धशाला का भूमिपूजन

ALLAHABAD: प्रदेश सरकार द्वारा कामधेनु परियोजनाओं के संचालन के बाद उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन में सर्वाेच्च स्थान पर पहुंच गया है। सपा सरकार ने किसानों को 55 करोड़ का भुगतान दुग्ध मूल्य के रूप में किया है। मंगलवार को बेसिक शिक्षामंत्री अहमद हसन ने दो करोड़ 34 लाख रुपए की लागत से पराग डेयरी की उच्चीकरण और आधुनिकीकरण की आधारशिला रखते हुए यह बात कही। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय बढ़ाने के लिए सपा सरकार ने पीसीडीएफ के सुदृढ़ीकरण के लिए 1204.75 करोड़ की धनराशि निर्गत की है। इससे वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, बरेली, लखनऊ, मुरादाबाद, मेरठ, कन्नौज, फैजाबाद एवं फिरोजाबाद में नवीन आधुनिक डेयरी की स्थापना कराई जा रही है।

स्वीकृत की गई धनराशि

प्रभारी मंत्री अहमद हसन ने कहा कि इलाहाबाद, झांसी, अलीगढ़ एवं नोयडा के आधुनिकीकरण कार्य हेतु 21.10 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह कार्य डेयरी विकास बोर्ड की कार्यदायी संस्था आईडीएमसी द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने पराग डेयरी के कर्मचारियों की मांगों को देखते हुए आश्वस्त किया कि वेतन आदि समस्याओं का निस्तारण शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर श्वेत क्रांति के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संदेश को पढ़कर सुनाया।

निष्ठा से करें काम

राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त प्रकाश राय व मेजा विधायक गिरीश चंद्र पांडेय ने भी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। इसके अलावा विधायक हाजी परवेज टंकी, सपा जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति यादव और दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह ने अपने विचार रखे। कमिश्नर राजन शुक्ला ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। डीएम संजय कुमार ने कहा कि प्रभारी मंत्री ने पराग डेयरी के विकास के बारे में जो अपेक्षाएं की हैं, उस पर खरा उतरने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी निष्ठा से कार्य करना होगा। इस मौके पर इलाहाबाद मिल्क सप्लाई वर्कर्स यूनियन के मंत्री कृष्ण मुरारी त्रिपाठी की ओर से प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर डेयरी को जर्जर स्थिति से उबारने की अपील की गई। संचालन रंजना त्रिपाठी का रहा। आभार प्रदर्शन मुख्य गुणवत्ता अधिकारी सदाशिव ने किया।

Posted By: Inextlive