रसूलाबाद घाट पर नहा रही दो बच्चियां डूबीं जल पुलिस के जवानों ने दोनों को बचाया

प्रयागराज ब्यूरो । गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और गंगा में डूबने की घटनाएं भी शुरू हो गई हैं। गर्मी के मौसम में गंगा में जल कम हो जाता है, इसके बावजूद नहाने के दौरान डूबने की घटनाओं में इजाफा हो जाता है। रविवार को रसूलाबाद घाट पर दो बच्चियां डूबने लगीं। दोनों बच्चियां अपने पिता के साथ गंगा नहाने गई थीं। इसी दौरान हादसा हो गया। दोनों के डूबने का हल्ला मचा तो जल पुलिस के जवान एक्टिव हो गए। आधा घंटा की मशक्कत के बाद दोनों को सकुशल बचा लिया गया।

रसूलाबाद घाट पर हुई घटना
रसूलाबाद के रहने वाले श्यामजी निषाद प्राइवेट काम करते हैं। रविवार सुबह वह गंगा नहाने जाने लगे तो उनके साथ दो बेटियां मुस्कान (ृृ12) और रागिनी (7) भी जाने की जिद करने लगीं। श्यामजी अपने साथ दोनों बेटियों को लेकर चले गए। रसूलाबाद घाट पर लोग स्नान कर रहे थे। इस दौरान मुस्कान और रागिनी भी गंगा में नहाने लगीं। अचानक मुस्कान का पैर गड्ढे में चला गया। वह बचाव के लिए चिल्लाने लगी तो बहन रागिनी उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी। वह भी गड्ढे में चली गई। दोनों डूबने लगीं। यह देख पिता श्याम जी और अन्य लोग शोर मचाने लगे। शोर सुनकर घाट पर मौजूद जल पुलिस के सिपाही मुकेश कुमार और शुक्रानंद गंगा में कूद पड़े। दोनों ने काफी मशक्कत के बाद मुस्कान और रागिनी को गहरे पानी से निकाल लिया। दोनों की जान बच गई।

गर्मी में होते हैं हादसे
गर्मी में गंगा में जल कम हो जाता है। मगर डूबने के हादसे होने लगते हैं। जल कम होने के बाद भी हादसे क्यों होते हैं, इसे लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। मगर गर्मी में हादसे में इजाफा हो जाता है। ऐसे में जल कम होने के बाद भी स्नान के दौरान सतर्कता की जरुरत है।

बच्चों पर रखिए नजर
गर्मी के मौसम में बच्चे स्कूल बंद हो जाने पर गंगा स्नान करने जाते हैं तो उन पर नजर रखिए। क्योंकि अक्सर बच्चों के डूबने की घटनाएं सामने आती हैं। बच्चों को लेकर गंगा स्नान करने जाइए तो फिर उन्हें ज्यादा दूर तक अंदर मत जाने दीजिए। वरना हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता है।

गंगा में डूबने से जा चुकी है जान
- सीआरपीएफ के जवान का एक बेटा, बेटी और पड़ोसी के बेटे की गंगा में डूबने से जा चुकी है जान।
- फाफामऊ के रहने वाले एक कारोबारी के दो बेटे की डूबने से हो चुकी है मौत।
- एमएनआईटी के एक छात्र की डूबने से जा चुकी है जान

मत पार करने दीजिए बैरिकेडिंग
रसूलाबाद पर रविवार को हुई घटना में लापरवाही ये हुई कि दोनों बच्चियां कम जल के कारण बैरिकेडिंग को पार कर गईं। घाट पर स्थाई तौर पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके बाद भी लापरवाही की गई। जिसका नतीजा है कि घटना हो गई।


रसूलाबाद घाट पर अक्सर डूबने की घटनाएं सामने आती हैं। इसलिए घाट पर स्थायी तौर पर जल पुलिस के दो जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि हादसा होने पर फौरन मदद मिल सके। रविवार को हुई घटना में जल पुलिस के दो जवानों ने दो बच्चियों को डूबने से बचा लिया।
जर्नादन साहनी, प्रभारी जल पुलिस

Posted By: Inextlive