जयंती पर शहरियों ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन, विविध कार्यक्रमों में जीवन को लेकर की गई चर्चा

ALLAHABAD: हिन्दी को अलग पहचान दिलाने में अपना जीवन समर्पित करने वाले महान राष्ट्रवादी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत रत्‍‌न राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन की जयंती के अवसर पर मंगलवार को लोगों ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके राष्ट्र व हिंदी प्रेम के प्रति किए गए कार्यो की चर्चा की।

विस्तार से की चर्चा

महेवा स्थित राजर्षि की कर्मस्थली राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन इंटर मीडिएट कालेज 'हिंदी विद्यापीठ' में जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सूबे की महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण एवं पयर्टन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने राजर्षि टंडन के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।

हिन्दी के उत्थान की जलाई अलख

राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन इंटर मीडिएट कालेज में हुए आयोजन के दौरान रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि राजर्षि का जीवन मानवता के लिए समर्पित था। हिंदी के उत्थान के लिए उन्होंने जो किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्र के किसानों को उन्होंने हिंदी से जोड़ने का काम किया। शिक्षा के साथ कौशल विकास पर बल दिया। स्वतंत्रता आंदोलन में इलाहाबाद ने बड़ी भूमिका निभाई थी। इसमें राजर्षि के योगदान को कम नहीं आंका जा सकता। उनकी निगाह में राष्ट्र और राष्ट्रभाषा से बढ़कर कुछ नहीं था। अध्यक्षता करते हुए न्यायमूर्ति सत्यपूत मेहरोत्रा ने कहा कि टंडन जी ने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। ब्रह्माकुमारी मनोरमा ने राजर्षि को अंतर्राष्ट्रीय संत बताया। डॉ। मणिशंकर द्विवेदी ने टंडन के जीवन से जुड़े कई पक्षों को उद्घाटित किया। राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय व गौरी पाठशाला की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। संचालन शिक्षक स्वामीनाथ ने किया।

खत्री सभा ने निकाली शोभायात्रा

खत्री सभा प्रयाग की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभा के अध्यक्ष रामजी कपूर ने टंडन जी की तस्वीर के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर शोभायात्रा निकाली गई। इसमें छात्र-छात्राओं की टोली राजर्षि टंडन अमर रहे के नारे लगाते चल रही थी। साथ में पुलिस बैंड की धुन प्रभात फेरी की शोभा बढ़ा रही थी। समापन लोक सेवा मंडल द्वारा संचालित लाला लाजपत राय स्कूल के परिसर में हुआ, जहां बच्चों ने टंडन जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। इन बच्चों को सभा द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में कुंवर जी टंडन, अजय मेहरोत्रा, अजीत खन्ना, नीरज मेहरोत्रा, दीपक मेहरोत्रा, राजेश मेहरोत्रा, सतीश टंडन, अशोक चड्ढा, मुकेश सहगल आदि शामिल रहे। हिन्दू यूवा वाहिनी की ओर से जिला मंत्री मोनी गुप्ता व जिला प्रवक्ता संदीप शुक्ला द्वारा राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

Posted By: Inextlive