सिविल लाइंस के व्यापारियों और पदाधिकारियों के बीच आज होगी बैठक

कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए व्यापारियों में भी भय व्याप्त हो रहा है। दुकानदारी लगभग ठप हो जाने और संक्रमण के खतरे को देखते हुए सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों से सप्ताह में तीन दिन दुकान बंद रखने की अपील की है। यह अपील अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के उस आहवान पर की गई है जिसमें उन्होंने तीन दिन दुकाने बंद रखने को कहा था। जिससे कोरोना महमारी से निपटने और उसकी चैन तोड़ने में दुकानदार भी अपना योगदान करें।

बैठक में लिया जाएगा फैसला

सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष नीरज जायसवाल व महामंत्री अमित कुमार सिंह उर्फ बबलू की ओर से बुधवार को अपील की गई। जिसमें उन्होंने कहा कि व्यापारी स्वत: ही अपनी दुकानो को शुक्रवार, शनिवार, रविवार को बंद रखें। आवश्यक आपूíत जैसे दूध, सब्जी व दवाओं से संबंधित मेडिकल स्टोर को इस बंदी से मुक्त रखा जाना चाहिए। इसको लेकर गुरुवार दोपहर दो बजे बैठक बुलाई गई है जिसमें इस मामले पर फैसला लिया जाएगा।

400 दुकानों से अपील

सिविल लाइंस एरिया में 400 दुकाने हैं। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि हमारी मांग है कि व्यापारी एक तरफ की दुकानें तीन दिन बंद रखे फिर दूसरी ओर की दुकानों को ऐसे ही टुकड़ों में बंद किया जाए। इससे व्यापारियों को अधिक नुकसान नही होगा और वह कोरोना संक्रमण से भी बचेंगे।

व्यापारियों को तैयार करने में होगी मुश्किल

पदाधिकारियों का कहना है कि इस निर्णय के लिए व्यापारियों को तैयार करने में थोड़ी मुश्किल होगी। क्योंकि बहुत से दुकानदार किराए पर दुकान लिए हैं और वह अपना नुकसान उठाने को तैयार नही होंगे। जल्द ही सहालग भी शुरू होने वाली है। हालांकि कोरोना को देखते हुए शादियां भी तेजी से कैंसिल हो रही हैं। संगठन के नगर अध्यक्ष लालू मित्तल, जिला अध्यक्ष रमेश केसरवानी, मंडल प्रभारी सुशांत केसरवानी ने भी व्यापारियों से ये आह्वान किया है कि इस महामारी से निपटने में अपना सहयोग प्रदान कर 3 दिन शुक्रवार, शनिवार, रविवार को अपनी दुकानें बंद रखें।

मुंडेरा व्यापार मंडल अध्यक्ष को मातृशोक

मुंडेरा व्यापार मंडल अध्यक्ष धनंजय सिंह की माता शिव वंशो उर्फ सावित्री देवी का बुधवार को निधन हो गया। वह 78 वर्ष की थीं और मंगलवार को उनकी तबियत खराब हो गई थी। मुंडेरा के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराने पर हालत में सुधार नही हुआ। एसआरएन में भर्ती कराने से पहले की उनकी रास्ते में डेथ हो गई। फाफामऊ स्थित घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। शहर पश्चिमी के विधायक और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, सांसद केशरी देवी पटेल, मुंडेरा व्यापार मंडल समेत अन्य व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने धनंजय सिंह की माता जी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

यह निर्णय व्यापारियों को संक्रमण से बचाने और समाज के प्रति योगदान के लिए लिया गया है। गुरुवार की बैठक में इस पर चचा र्की जाएगी।

नीरज जायसवाल

अध्यक्ष, सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल

सहालग का सीजन भी बहुत अच्छा नही जाने वाला है। कोरोना महामारी को देखते हुए व्यापारी बहुत अधिक उम्मीद नही कर रहे हैं।

अमित सिंह उर्फ बबलू

महामंत्री, सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल

Posted By: Inextlive