स्मार्ट सिटी के नाम पर चलाए जा रहे ई रिक्शा लोगों के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं. इनकी वजह से शहर में तमाम जगह पर रोजाना जाम लगता है. इनकी लगातार बढ़ती तादाद और रूट प्लान तय नहीं होना समस्या की जड़ बन चुका है. जिसका इलाज फिलहाल किसी के पास नही है. शहर के तमाम एरिया में इनकी मनमानी खुलेआम देखी जा सकती है.


प्रयागराज (ब्यूरो)।शहर में कुछ साल पहले इंट्रोड्यूस हुआ ई रिक्शा एयर पाल्यूशन पर रोक लगाने के लिए बेहतर आप्शन साबित होता इससे पहले ही वह जाम का सबसे बड़ा कारण बन चुका है। पिछले तीन सालों में ई रिक्शा की संख्या शहर में तीन से चार गुना बढ़ गई है। वर्तमान में 20 हजार से अधिक ई रिक्शा का संचालन हो रहा है। जबकि पूर्व में आरटीए की बैठक में कई बार इनकी संख्या पर लगाम लगाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

दो बार दिए जा चुके हैं निर्देश
पूर्व कमिश्नर आशीष गोयल ने भी आरटीए की मीटिंग में ई रिक्शा का रूट प्लान बनाने के निर्देश दिए थे। लेकिन इसके बाद कोई कार्रवाई नही हुई। वर्तमान कमिश्नर संजय गोयल ने भी कमेटी बनाकर उसे ई रिक्शा की संख्या सीमित करने और रूट प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं। लेकिन इस मीटिंग के बाद भी इस दिशा में कोई काम नहीं हो सका है।

यहां हैं बदतर स्थिति
शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में मुट्ठीगंज, कोठा पार्चा, चौक, लोकनाथ, घंटाघर, कटरा, बहादुरगंज, अल्लापुर, दारागंज, अलोपीबाग आदि एरिया में ई रिक्शा का बेतरतीबी से संचालन दुर्भाग्य पूर्ण है। इनकी वजह से इन एरिया में सुबह से शाम तक भीषण जाम लगता है।

संरक्षक हैं शहर उत्तरी विधायक
प्रयागराज के ई रिक्शा चालक संघ के संरक्षक खुद शहर उत्तरी भाजपा विधायक हर्षवद्र्धन बाजपेई हैं। वह ई रिक्शा का रूट प्लान तय किए जाने का विरोध करते हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐसा करने से किराया बढ़ जाएगा जिसके पक्ष में वह बिल्कुल नही हैं। हालांकि उन्होंने ई रिक्शा चालकों से होने वाले वसूली पर जरूर नाराजगी जताई है। ई रिक्शा से लगने वाले जाम के सवाल को उन्होंने गलत करार दिया।
ई रिक्शा संचालन से जुड़े फैक्ट
सरकार ने ई रिक्शा को परमिट मुक्त कर रखा है।
ऐसे में इनका रूट परमिट जारी किया जाना मुश्किल है।
किसी एरिया में इनके संचालन से खतरा या जाम की स्थिति बनती है तो इन पर प्रतिबंध लगाने का पूरा अधिकार जिला प्रशासन को होता है।
प्रशासन चाहे तो कमेटी बनाकर सर्वे करा सकता है और इसकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई कर सकता है।
मेरी ओर से पूर्व में ई रिक्शा संचालन के रूट प्लान और संख्या सीमित करने को लेकर कमेटी बनाई गई है। जिसमें आरटीओ और प्रशासन के अधिकारियों को सर्वे कर रिपोर्ट देना है। इस कमेटी की प्रगति के बारे में पूछा गया है और जल्द ही रिपोर्ट मिल जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
संजय गोयल
कमिश्नर प्रयागराज मंडल

शहर में पुराने गैंग हैं जो अवैध रूप से ई रिक्शा वालों से वसूली करते हैं। उनको इसका अधिकार किसने दिया है। अगर ई रिक्शा के रूट प्लान की बात आएगी तो मैं इसका विरोध करूंगा। ऐसा होने से ई रिक्शा का किराया बढ़ जाएगा। लोगों को दिक्कत होगी।
हर्षवद्र्धन बाजपेई
विधायक/संरक्षक, ई-रिक्शा एसोसिएशन

Posted By: Inextlive