- घर-घर में विधि विधान से सौभाग्य कामना के लिए पूजे गए गणेश और माता लक्ष्मी

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: दीपावली रविवार को पूरी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनायी गई। रविवार को लोगों ने गणपति और मां लक्ष्मी की पूजा की। इसके अलावा उद्योग धंधे के साथ ही नवीन कार्य की शुरुआत हो गई। पूजन के बाद जमकर आतिशबाजी की।

चित्रा नक्षत्र में पूजन का रहा विशेष महत्व

अमावस्या तिथि पर इस बार चित्रा नक्षत्र में लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व रहा। दीपावली के मौके पर लोगों ने शुभ मुर्हूत में पूजन किया। अमावस्या के दिन गृहस्थों के लिए शाम पांच बजकर 36 मिनट से रात्रि 8 बजकर 14 मिनट तक समय सर्वश्रेष्ठ रहा। इसमें भी शाम 6 बजकर 40 मिनट से 8 बजकर 35 मिनट के मध्य वृषभ रहा। इसी अवधि के मध्य में दीपदान एवं पूजन के लिए चित्रा नक्षत्र तुला राशिगत चन्द्र तथा शुभ एवं अमृत चौघडि़या रहने से महालक्ष्मी के पूजन लोगों ने विशेष कामना के साथ आशीर्वाद प्राप्त किया।

व्यापारियों ने नए बही खाते की शुरुआत की

व्यापारियों के लिए दीपावली विशेष महत्व रखता है। इस दिन व्यापारी नए बही खाते की शुरुआत करते है। रविवार को भी व्यापारियों ने विधि विधान के साथ पूजन किया और नए बही खाते की शुरुआत की। वहीं दीपावली के मौके पर पटाखा छुड़ाने के लिए समय सीमा निर्धारित की गई हो, लेकिन देर रात तक पटाखों की गूंज जारी रही।

--------------------------

आज अन्नकूट, कल भाई दूज का फेस्टिवल

कार्तिक कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा को सोमवार को गोवर्धन पूजा की जाएगी। घरों में पूजा के बाद अन्नकूट भोग ठाकुर जी को लगाया जाएगा और सुख -समृद्धि की कामना की जाएगी। दारागंज, अल्लापुर व कटरा में कई स्थानों पर सामूहिक गोवर्धन पूजा की जाएगी।

पांच दिनी पर्व का मंगलवार को होगा समापन

दीपावली पर्व पांच दिनों का समूह पर्व है। पांच दिनों का यह पर्वो का समूह मंगलवार को चित्रगुप्त पूजा के साथ समाप्त होगा। इस दिन भाई बहन के अटूट प्रेम के पर्व भइयादूज भी मनाया जाएगा। भगवान चित्रगुप्त की पूजा व सामूहिक कलम दवात की पूजा भी इसी दिन होगी।

Posted By: Inextlive