मीरापट्टी में जलभराव से परेशान हैं डेढ़ सौ घर

शुक्रवार को चक्काजाम करने निकले लेकिन पुलिस ने रोका

ALLAHABAD: मीरापट्टी में भीषण जलजमाव से परेशान लोगों का विरोध अब सड़क पर दिखने लगा है। शुक्रवार को सैकड़ों की तादाद में लोग विरोध प्रदर्शन करने जीटी रोड पहुंचे लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस पर लोग मानने को तैयार नही हुए तो तत्काल नगर निगम के एक्सईएन को बुलाना पड़ा। उनके द्वारा पानी निकालने का पंप चालू करने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

तीन दिन से फंसे हैं हजारों लोग

इलाके में तीन दिन पहले हुई भीषण बारिश के बाद सैकड़ों घर जल जमाव का शिकार हो गए थे। तालाब का तटबंध टूट जाने के बाद पानी घरों में घुस गया था। सूचना मिलते ही तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया लेकिन लोगों की मुसीबत कम नही हो सकी। शुक्रवार को भी सौ से डेढ़ सौ घरों के सामने पानी लगा हुआ था। कई घरों के सामने दो फिट तक जलजमाव था। इससे आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को जीटी रोड पर चक्काजाम करने का फैसला किया। इससे पहल कि वह रोड पर बवाल करते पुलिस को सूचना मिल गई और मौके पर उन्हें शांत कराना शुरू कर दिया।

बिजली और पानी को तरसे

लोगों का कहना था कि बारिश के बाद से उनके इलाके की बिजली और पानी सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। भूख और प्यास से उनका बुरा हाल है। ऊपर से नगर निगम द्वारा पानी निकालने वाला पंप भी बंद करा दिया गया है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने नगर निगम को सूचना देकर एक्सईएन को बुलवाया। लोगों की शिकायत पर पंप चालू किया गया तो लोग वापस अपने घर को लौट गए।

Posted By: Inextlive