9.90 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में गंगा पर मुख्य पुल 3.84 किमी और एप्रोच मार्ग 6.06 किमी का है।

1948.25 करोड़ की लागत से होगा निर्माण।

05 गांव सदर के और सोरांव तहसील के चार गांवों से गुजरेगा यह पुल।

80 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर जमीन का मुआवजा दिया जा रहा किसानों को।

400 किसानों की जमीन अधिग्रहीत की जा चुकी है।

03 साल में बनकर तैयार होगा यह पुल।

2018 में इस पुल की मंजूरी मिली थी, तब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी स्वीकृति की थी।

-मलाक हरहर तिराहे से शुरू होकर लाला लाजपत राय मार्ग पर त्रिपाठी चौराहे पास खत्म होगा यह पुल

-कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ

-डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत शहर के अन्य गणमान्य कार्यक्रम स्थल पर रहे मौजूद

PRAYAGRAJ: गंगा नदी पर मलाक हरहर में सिक्स लेन एक्स्ट्रा डोज पुल के कार्य शुभारम्भ पर अवसर पर उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगली कड़ी में प्रयागराज वासियों को राम वन गमन पथ की सौगात मिलेगी। राम वन गमन पथ के निर्माण को जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए उन्होंने मंच से सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया। कहा कि राम भक्तों को इस पथ का बेसब्री से इंतजार है। यह पथ बना तो उसके लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा, साथ ही पर्यटन में बढ़ेगा।

कई परियोजनाओं का शिलान्यास

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेशभर को 7477 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यो की सौगात दी गई है। इसमें 505 किलोमीटर की कुल 16 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और कार्य शुभारम्भ किया जा रहा है। उसमें से दो हजार करोड़ से अधिक का हिस्सा प्रयागराज का ही है। उन्होंने कहा कि इनर रिंग रोड के निर्माण के लिए कार्यवाही चल रही है। प्रयागराज से हल्दिया तक जलमार्ग और सिक्स लेन पुल की सौगात देने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। साथ ही मुख्यमंत्री से प्रदेश की बड़ी आबादी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्गो की संख्या को बढ़ाने का अनुरोध किया है।

इस अवसर पर सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, विधायक फाफामऊ विक्रमाजीत मौर्य, विधायक शहरी उत्तरी हर्षवर्धन वाजपेयी, दीपक पटेल, गुरुप्रसाद मौर्य, अमरनाथ यादव, सुशील महराज, देवेन्द्र गिरि, त्रिभुवननाथ प्रजापति, नीरज त्रिपाठी, महेन्द्र पांडेय, सिद्धू उपाध्याय, श्यामबाबू केसरवानी, प्रेम बहादुर सिंह, धीरेन्द्र केसरवानी, रामकुमार यादव, तुलसीराम सरोज आदि थे।

यूपी का पहला एक्स्ट्राडोज छह लेन पुल

मलाक हरहर से बेली चौराहे तक 9.90 किलोमीटर के एक्स्ट्रा डोज छह लेन पुल का निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान वर्चुअल जुड़े केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने डिप्टी सीएम से कहा कि इसकी गुणवत्ता की वह निगरानी करते रहें। बताया कि इसमें विश्व की बेहतर सिविल इंजीनिय¨रग का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पहले बलिया में फोर लेन एक्स्ट्रा डोज पुल बना है। लेकिन प्रयागराज का छह लेन एक्स्ट्रा डोज पुल यूपी का पहला है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

एक्स्ट्रा डोज छह लेन पुल के दोनों ओर पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा। साथ ही आसपास के हजारों लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

पुल निर्माण से ये होगा लाभ

- फाफामऊ में पूर्व में बने दो लेन के पुराने पुल पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिलेगी।

- कुंभ, महाकुंभ व माघ मेले में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के दौरान यातायात प्रबंधन में सुविधा होगी।

- तीर्थ पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

- अयोध्या और लखनऊ जाने वालों को आवागमन में राहत मिलेगी।

यह है एक्स्ट्राडोज तकनीक

एक्स्ट्राडोज पुल दो पुलों की डिजाइन का मिश्रण है। इसमें प्री एक्ट्रेस बॉक्स गर्डर (घुमावदार) और केबल स्टे ब्रिज का डिजाइन होगा। एक्स्ट्राडोज पुल इन दोनों के मिश्रण डिजाइन से अधिक मजबूत होगा। इसमें टॉवर की लंबाई भी कम होगी। इसमें बाहर के अलावा अंदर भी केबल का सपोर्ट किया जाएगा।

मलाक हरहर में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का भी है प्रस्ताव

मलाक हरहर में युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का भी प्रस्ताव है। इसके लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। इसके अलावा इसी पुल से आउट ¨रग रोड को भी जोड़ने का प्रस्ताव है। ¨रग रोड पर ही आठ टाउनशिप बसाने की भी योजना है।

Posted By: Inextlive